Loading...
अभी-अभी:

नर्मदे सेवा यात्रा के ओंकारेश्वर आगमन पर प्रदेश सरकार ने किया संगोष्ठी का आयोजन

image

Feb 9, 2017

ओंकारेश्वर। नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा के ओंकारेश्वर आगमन पर प्रदेश सरकार द्वारा आदि शंकराचार्य पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया है। ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित महानिरंजनी अखाड़े में आयोजित कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने संतों और अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। संगोष्ठी की अध्यक्षता जूना अखाड़ा महामंडलेश्वर अवधेशानंद महाराज कर रहे हैं। कार्यक्रम में चिन्मय मिशन के स्वामी तेजोमयानंद महाराज, साध्वी ऋतुंभरा दीदी, रामकृष्ण मिशन के स्वामी निर्विकानंद महाराज, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी, संस्कार भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अमीर चंद्र, राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के पूर्व कुलपति व कांचीपीठ के प्रतिनिधि बी कुटुम्ब शास्त्री, फिल्म निर्देशक व अभिनेता चंद्रप्रकाश द्विवेदी तथा संस्कृति व पर्यटन मंत्री सुरेंद्र पटवा भी उपस्थित हैं।

संगोष्ठी में विचार-विमर्श के साथ ही आदिगुरु शंकराचार्य पर संत-महात्माओं के उद्बोधन होंगे। संगोष्ठी बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा की अगवानी के लिए ग्राम शिवकोठी स्थित बड़े गणेश मंदिर पहुंचेंगे। यात्रा के साथ मुख्यमंत्री करीब पांच किमी पैदल चलकर ओंकारेश्वर आएंगे। मुख्यमंत्री वन विभाग चौकी के सामने स्थित आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगे। यात्रा निरंजनी अखाड़े के मैदान पर बने भव्य मंच पर पहुंचेगी। यहां मुख्यमंत्री चौहान जनसंवाद करेंगे। सायं करीब 7 बजे मुख्यमंत्री संत-महात्माओं व साधु-संन्यासियों के साथ नमामि देवी नर्मदे यात्रा को लेकर नागरघाट पहुंचेगे। यहां मुख्यमंत्री के साथ ही पंडित-पुजारियों द्वारा मां नर्मदा और भगवान ओंकरेश्वर ज्योतिर्लिंग की आरती की जाएगी।