Loading...
अभी-अभी:

अज्ञात वाहन ने महिला को कुचला, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

image

Oct 13, 2017

बिलासपुर : घर से खेत जा रही 35 वर्षीय महिला की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद मुआवजे और मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग करते हुए  आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह 7 बजे पेंड्रा मरवाही शहडोल मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।

पुलिस और प्रशासन की बढ़ी मशक्कत से लगभग 5 घंटे बाद जाम को खोला जा सका। प्रशासन के दो दिन के भीतर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिखित आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और जाम खोला जा सका।

मामला पेंड्रा मरवाही  शहडोल मुख्य  मार्ग  के ग्राम मझगवा का हैं। जहां 35 वर्षीय सियावती सुबह 5:30 पर अपने घर से सड़क के उस पार बने खेत पर नहाने जा रही थी कि तभी मरवाही की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया।

वाहन की गति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता हैं कि दुर्घटना के बाद महिला का शव लगभग 50 मीटर तक घिसटता रहा, जिसके बाद वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी लगते ही ग्रामीण आक्रोशित होकर पेंड्रा मरवाही शहडोल मार्ग पर दुर्घटनाकारीक वाहन को पकड़ने और परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर मुख्य मार्ग के दोनों तरफ पेड़ों को काटकर गिरा दिया और चक्का जाम कर दिया।

घंटों चले जाम की जानकारी पुलिस और प्रशासन को लगी, तो वे मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश देकर हालात सही करने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण मार्ग पर गति अवरोधक और पीड़ित परिवार के लिए 25 हजार रुपए के मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। बाद में कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा पीड़ित परिवार को 5000 रुपए नगद की तत्काल सहायता एवं दो दिनों के भीतर मार्ग पर गति अवरोधक बनाने का लिखित आश्वासन देना पड़ा। जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और चक्का जाम खुल सका।