Oct 27, 2017
कोरिया : जिले के मनेंद्रगढ़ में बीते दिनों ऑक्सीजन सिलेंडर में ऑक्सीजन ना होने कारण महिला मरीज की मौत हो गई। मामले में मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने संबंधित निजी चिकित्सालय के संचालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। महिला की मौत को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं मृतका के पति द्वारा इस मामले की जांच की गुहार लगाई गई थी। जिसके बाद पुलिस में बड़ी कार्रवाई की है।
मनेन्द्रगढ़ के रेलवे फाटक के पास रहने वाली सहायक प्राध्यापक मल्लिका वैश्य की बीते दिनों अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इस दौरान मल्लिका के परिजनों ने उसे स्थानीय डॉक्टर को दिखाने के बाद खान नर्सिंग होम में भर्ती कराया था।
यहां से स्थिति बिगड़ता देख डॉक्टर ने उसे बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए एंबुलेंस में उसे ऑक्सीजन लगाया गया। बिलासपुर मार्ग पर मरीज को लगा आक्सीजन सिलेंडर खत्म होने के बाद जब परिजनों ने दूसरा सिलेंडर लगाने की कोशिश की, तो पता चला कि सिलेंडर में ऑक्सीजन है ही नहीं।
जिसके कारण महिला की रास्ते में ही मौत हो गई। इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश था। मृतका के अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई थी। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने कई धाराओं के तहत निजी नर्सिंग होम के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब देखना है कि इस मामले में आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी कब होती है।