Loading...
अभी-अभी:

मानिकपुर खदान में सुरक्षा पर सवालः विस्फोट में गई मजदूर की जान

image

Feb 2, 2018

**कोरबा।** शहर की मानिकपुर खदान में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की वजह से एक मजदूर की जान चली गई। हादसे के बाद एसईसीएल प्रबंधन मामले को छुपाने में लगा रहा, जबकि मजदूर की हुई मौत के बाद श्रमिकों में जमकर आक्रोश है। **विस्फोट में गई जान...** घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे की है, बताया जा रहा है, मानिकपुर विस्तार खदान के 17 नंबर फेस में ओवर बर्डन के लिए ड्रील किया जा रहा था, इसी दौरान जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें पास खड़ा हैल्फर महाराष्ट्र बालाघाट निवासी रंजीत खुसरो चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद साथी श्रमिकों ने सुपरवाईजर अरविंद तिवारी को सूचना दी, जिसके बाद घायल को एसईसीएल के विभागीय अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुपरवाईजर अरविंद तिवारी की मानें तो घटना होज़ पाईप के फटने से हुई होगी, घटना के बाद अन्य श्रमिकों से मिली जानकारी के मुताबिक विस्फोट हुआ जिसके बाद श्रमिक घायल हो गया था अस्पताल लाने के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल उच्च अधिकारियों के जांच के बाद ही मामले में असल बात स्पष्ट हो पायेगी। **प्रबंधन लगा मामले को दबाने में...** घटना के बाद से एसईसीएल प्रबंधन मामले को दबाने में लगा रहा है, आलम यह है खदान में इतने बड़े हुए हादसे के बाद भी प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी देना मुनासिब नहीं समझा, प्रबंधन की लापरवाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना के 10 घंटे के बाद भी पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। मानिकपुर चौकी प्रभारी केशर पराग ने बताया कि घटना की जानकारी एसईसीएल प्रबंधन की ओर से कोई सूचना नहीं मिली है, अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने मामले में सूचना दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। **इधर क्रेन पलटने से 2 घायल....** इधर दूसरी ओर गेवरा खदान में भी क्रेन पलटने का मामला सामने आया है, हादसे में क्रेन में सवार ऑपरेटर समेत एक फीटर को चोट आई है। बताया जा रहा है कि खदान में गीली सड़क पर ब्रेक लगाने के दौरान क्रेन नियंत्रित होकर पलट गई। घटना में ऑपरेटर शिवशंकर सिंह समेत फीटर लकेश्वर सिंह कंवर को चोट आई है, जिनको उपचार के लिए नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में भर्ती किया गया है।