Loading...
अभी-अभी:

भाजपा को सत्ता जाने का डर सता रहा है : अमित जोगी

image

May 13, 2018

कोरिया जिले के मनेन्द्रगढ़ में एक दिवसीय दौरे पर आए छत्तीसगढ़ जोगी कांग्रेस नेता व मरवाही विधायक अमित जोगी यहां प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा व कांग्रेस पर उनकी पार्टी से डरकर अनर्गल बयानबाजी करने की बात कही है। वहीं छोटे जोगी ने इस दौरान भाजपा व कांग्रेस को आडे हाथों लेते हुए यहां तक कह डाला कि भाजपा की विकासयात्रा व कांग्रेस की विकास खोजो यात्रा दोनो की अंतिम यात्राएं सिद्ध होगीं। 

आगामी 17 मई को पेण्ड्रा में होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोडने के उद्देश्य से आज अमित जोगी मनेन्द्रगढ़ पहुंचे। यहां जनपद सभागार में कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद अमित जोगी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के दोनो राष्ट्रीय दल उनकी पार्टी से डर गए हैं। भाजपा को सत्ता जाने का डर सताने लगा है तो वहीं कांग्रेस को जोगी के आने का डर सता रहा है। 

अमित जोगी ने इस दौरान यह भी कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी दुर्ग आ रहे हैं, लेकिन वे यहां से 8 किलोमीटर दूर मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। यह विकासयात्रा नहीं बल्कि मोबाईल बांटो वोट खरीदो यात्रा है। शासन के पैसे का राजनीतिक दुरूपयोग किया जा रहा है। इस यात्रा के दौरान 45 लाख मोबाईल फोन बांटे जा रहे हैं। जो चुनावी आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। लेकिन भाजपा के लोग यह नहीं जानते कि छत्तीसगढ़ की जनता को किसी भी कीमत में नहीं खरीदा जा सकता।