Loading...
अभी-अभी:

माओवादियों ने मानपुर-औंधी मार्ग पर पोस्टर किए जारी, 25 मई को भारत बंद का ऐलान

image

May 24, 2018

राजनांदगाँव जिले के अंतिम छोर में महाराष्ट्र सीमा पर बसे मानपुर-मोहला क्षेत्र में माओवादियों ने बडी घटना को अंजाम दिया है। बीते कुछ समय से लाल सेना के निशाने पर रहे वन विभाग पर एक बार फिर कहर बरपा है। मोहला में जहां माओवादियों ने वन विभाग के डिपो में डंप रखे बांसों को आग के हवाले कर दिया है वहीं मानपुर में जंगल मे कटाई के बाद डंप कर के रखे गए पेड़ों के गोलों और चौकीदार की झोपड़ी में भी आग लगा दी है। यही नहीं मानपुर-औंधी मुख्य मार्ग पर पेड़ो को गिराकर मार्ग अवरुद्ध करने के साथ साथ बैनर और पोस्टर जारी कर 25 मई को भारत बंद का ऐलान भी लाल सेना ने किया है।

मानपुर-औंधी मुख्य मार्ग पर आवाजाही थमी 
तड़के सुबह से ही मानपुर-औंधी मुख्य मार्ग पर आवाजाही थमी हुई थी। यहां कोरकोटटी और खैरकट्टा गाँव के मध्य नक्सलियो ने पेड़ो को काटकर सड़क में डाल रखा था। सुबह करीब 9 बजे मानपुर थाने से जवान यहां पहुंचे और पड़ो को काट कर सड़क से अलग किया तब जाकर आवाजाही बहाल हो सकी। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें भी लगी रही। वाहनों के पहिये यही थम गए। हालांकि कुछ वाहन सड़क से परे जंगलों से होकर यहाँ से गुजरते भी रहे।

25 मई को भारत बंद का ऐलान 
लाल सेना ने पोस्टर वार कर आगामी 25 मई को भारत बंद का ऐलान किया है। मानपुर से मोहला के मध्य मुख्य सड़क पर बड़ी संख्या में नक्सल पर्चे देखे गए। मानपुर औंधी मुख्य मार्ग पर भी पेड़ो को सड़क में डालने के साथ साथ यहाँ बैनर भी लगाए गए थे। हालांकि पुलिस गुप्तचरों ने उक्त बैनर निकाल लिए। सड़क में भी नक्सल फरमान लिखे गए हैं। माओवादियों ने लिखा है कि 25 मई को मध्य प्रदेश, उड़ीसा महाराष्ट्र, छत्तीशगढ़ सहित विभिन्न राज्यो में रैलियां निकालो। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले गडचिरोली मुठभेड़ की बौखलाहट और मुठभेड़ के विरोध में लाल सेना ने ये कदम उठाया है।
 
पुलिसिया सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मानपुर-मदनवाड़ा मार्ग पर मालहर के समीप वन क्षेत्र में पेड़ो की कटाई वनविभाग करा रहा था। यहां पर जगह-जगह डंप रखे सैकड़ो गोलों को फूंक दिया गया। ये स्थान मानपुर थाने और बसेली बेस कैंप के मध्य महज 5 किलोमीटर के दायरे में है। वहीं सड़क पर जहां पेड़ गिराए गए थे वह भी मानपुर और कोहका थाने के मध्य 5-7 किलोमीटर के दायरे में है। ब्लॉक मुख्याल स्थित मानपुर थाने से महज 5 किलोमीटर दूर ये बड़ी घटना पुलिसिया सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।