Loading...
अभी-अभी:

अम्बिकापुरः सरगुजा संभाग के लोगों को आज भी है विधायक टी एस सिंहदेव के मुख्यमंत्री ना बन पाने का दुख

image

Apr 8, 2019

राम कुमार यादव- सरगुजा संभाग मे सरगुजिहा सरकार का जादू ऐसा था कि संभाग की सभी 14 विधानसभा सीट कांग्रेस ने जीत ली। लेकिन वही जादू लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिये नासूर बन सकता है, क्योंकि सरगुजिहा सरकार के हीरो अम्बिकापुर विधायक टी एस सिंहदेव के मुख्यमंत्री ना बन पाने का दुख सरगुजा संभाग के लोगों को आज भी है। शायद यही वजह है कि भाजपा के साथ जोगी कांग्रेस के नेता भी उस बात पर तंज कसकर राजनैतिक रोटियां सेंकने मे भिड गए हैं।

विपक्ष के प्रचारक तंज कस कर पुराने जख्मों को रहे उकेर

छत्तीसगढ में मिले प्रचंड बहुमत के बलबूते कांग्रेस ने दमखम के साथ सरकार तो बना ली, लेकिन सरगुजा के लोगों ने 14 की 14 सीट जीता कर सरगुजिहा सरकार के हीरो रहे अम्बिकापुर विधायक टी एस बाबा के मुख्यमंत्री बनने का सपना देखा था, मगर ऐसा नहीं हो सका। टी.एस. बाबा सीएम नहीं बन पाए और उन्हे स्वास्थ्य मंत्री बना कर खुश करने की कोशिश हुई। शायद यही वजह है कि अब लोकसभा चुनाव में विपक्ष के प्रचारक जब-जब सरगुजा आ रहें हैं, तब-तब टी.एस. बाबा के मुख्यमंत्री ना बन पाने की बात पर तंज कस कर पुराने जख्मों को उकेर रहें हैं। कुछ दिनों पूर्व, पूर्व मुख्यमंत्री अपने सासंद प्रत्याशी रेणुका सिंह के पक्ष में चुनावी आम सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डां रमन सिंह ने कहा कि आप लोगों का राजा बेचारा बंद गला का नया-नया चार पांच कोट सिलवाया था, तो काहे सिलाया था, पता चला कि मुख्यमंत्री की शपथ लेना है। पूरा सरगुजा के गांव-गांव में बच्चा बोल रहा था मुख्यमंत्री आने वाला है, मुख्यमंत्री आने वाला है, लेकिन मुख्यमंत्री सरगुजा ही आना छोड दिया।

अमित जोगी ने भी इस बात का राजनैतिक तौर पर मजाक बनाया

डां रमन ही एक इकलौते शख्स नहीं है जिन्होंने इतनी अच्छी हवा के बाद भी टी.एस. बाबा के सीएम ना बन पाने पर अपने ढंग से चुटकिय़ां ली है। इससे पहले बीते 12 मार्च को अम्बिकापुर में अपने कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ के नेता अमित जोगी ने भी इस बात का राजनैतिक तौर पर मजाक बनाया था। कहा था कि कांग्रेस ने सरगुजा की जनता के साथ छलावा करके सरगुजा की 14 सीटे जीती हैं, क्योंकि उन्होंने ट्रेलर दिखाया कि ये पिक्चर जो आने वाली है, उसमें अमिताभ बच्चन होंगे। लेकिन जब पिक्चर आई तो उसमे अमरीश पुरी निकले। मतलब अमित जोगी का इशारा टी.एस. बाबा के मुख्यमंत्री ना बन पाने पर था।

क्षेत्र की जनता उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती थी

ऐसा नहीं है भाजपा नेताओं के साथ जनता कांग्रेस के नेता बेवजह ही, इस बात का प्रचार कर रहे हैं कि टी.एस. बाबा के साथ गलत हुआ। असल में बाबा की व्यक्तिगत पृष्टभूमि और मुलायम स्वाभाव के काऱण उन्होंने सरगुजा के साथ पड़ोसी संभाग में भी अपना जलवा बिखेरा और कांग्रेस की बड़ी जीत के नायक रहें। इस जीत के बाद जब कांग्रेस आलाकमान ने उन्हे मुख्यमंत्री नहीं बनाया, तो उनका दर्द उन्ही की जुबान छलका भी था। वो दर्द शायद आज भी है। उस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा भी था कि क्षेत्र की जनता उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती थी और हो सकता है भविष्य में उनकी पवित्र भावना उनकी मंशा पूरी हो जाये।