Loading...
अभी-अभी:

अम्बिकापुरः नेताम का बयान, कांग्रेस को कहा परिवारवाद की पार्टी

image

Mar 29, 2019

राम कुमार यादव- अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम विचार नेताम कांग्रेस पर जमकर बरसे और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की भूमिका निभाने वाले टी एस सिंह देव को सुई और दवा वाला मंत्री बना दिया गया। रामविचार नेताम ने कहा कि यह सरगुजा के जनता के साथ छलावा है और कांग्रेस के इस धोखे को जनता पहचान चुकी है। रामविचार नेताम ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए परिवारवाद की पार्टी कहा।

नेताम ने कहा टी एस सिंह देव को बतौर मुख्यमंत्री बता कर जनता से वोट मांगा गया था

भाजपा के विधानसभा वार बैठक चल रही है इसी क्रम में कल अंबिकापुर के राजमोहनी भवन में विधानसभा कार्यकर्ता बैठक रखी गई थी, जिसमें भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी रेणुका सिंह के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित हुए थे। इस कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम भी कार्यक्रम में शामिल होने आए हुए थे। मीडिया से बातचीत में रामविचार नेताम ने कहा कि टी एस सिंह देव को सरगुजा की जनता के सामने बतौर मुख्यमंत्री बता कर सरगुजा की जनता से वोट मांगा गया था और बाद में उन्हें सुई दवा वाले मंत्री बना दिया गया। अब जनता कांग्रेस की करनी को पहचान चुकी है।

रामविचार नेताम यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवारवाद की पार्टी है और भाजपा की जमकर तारीफ की। रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस में पहले परिवारवाद फिर पार्टीवाद और बाद में देशवाद है, जबकि भाजपा में सबसे पहले देश है। बहरहाल लोकसभा चुनाव सामने है। आरोप प्रत्यारोप का दौर तो चलता ही रहेगा, परंतु देखना यह है कि टीएस सिंह देव के गण सरगुजा में भाजपा अपने आप को कैसे स्थापित कर पाती है क्योंकि सरगुजा संभाग के 14 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है।