Loading...
अभी-अभी:

डैम में नहाने गए दो बच्चों के साथ मां की भी डूबने से मौत!

image

Mar 25, 2018

कोरिया जिले के मनेंद्रगढ़ शहर से लगे चैनपुर इलाके में उस समय कोहराम मच गया जब सेमरिया डैम में नहाने गए दो बच्चों के साथ मां की भी डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। उधर थाने में सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी भी घटनास्थल पहुंच गए लेकिन तब तक तीनो अपनी जान गंवा चुके थे।

ग्राम पंचायत चैनपुर में रहने वाले विनोद की पत्नी सुनीता अपने 12 वर्षीय बेटे विकास, 9 वर्षीय बेटी बबीता व अपने परिजनों के साथ सेमरिया डैम में नहाने के लिए गई हुई थी। महिला इस दौरान कपड़े धो रही थी और बच्चे पानी में नहा रहे थे। डेम में ग्रामीणों के नहाने के लिए सीढियां बनाई गई है। विकास व बबीता उन्हीं सीढ़ियों से होते हुए पानी तक पहुंच गए और वहीं पर नहाने लगे। अचानक दोनों बच्चे गहरे पानी में जाने लगे, बच्चों को पानी में डूबता देखकर उनकी मां भी दौड़ कर वहां पहुंची लेकिन बच्चे तब तक गहरे पानी में चले गए थे।  

बच्चों को खोजने के लिए जैसे ही सुनीता पानी के अंदर गई तो वो भी गहरे पानी मे डूबने लगी। वहां मौजूद एक अन्य महिला ने सुनीता को बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक सुनीता भी डूब गई। जैसे ही यह खबर गांव में पहुंची काफी लोग वहां जमा हो गये। घटना की सूचना पाते ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। जैसे ही तीनों के शव पानी से बाहर आए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मौके पर तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।