Loading...
अभी-अभी:

अम्बिकापुर स्वच्छता मॉडल का अनुकरण कर रहे भारत के कई देश, जानिए पूरी खबर

image

Aug 21, 2018

अलंकार तिवारी : अम्बिकापुर स्वच्छता मॉडल का अनुकरण देश के कई शहरों में किया जा रहा है। इसी अनुक्रम में आज गुजरात राज्य के स्वच्छ भारत मिशन के संचालक श्री बी.सी. पाटनी, आर.एम.सी. अहमदाबाद के श्री चन्द्रकांत पी नेमा, आर.एम.सी. गांधीनगर के श्री विशाल गुप्ता सहित मोडेसा, धोडका, हलोल, द्वारका, व्यारा, वल्लभीपुर के अधिकारियों द्वारा आज अम्बिकापुर निगम क्षेत्र में स्थित एस.एल.आर.एम. केन्द्रों एवं सेनेटरी पार्क का भ्रमण कर कार्यरत सदस्यों से उनके कार्यानुभव से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई। 

सदस्यों ने बताया कि वे अपने कार्य तथा पारिश्रमिक से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल के मार्गदर्शन में निगम प्रबंधन द्वारा उनके यूनीफार्म, ग्लोब्स, मोंजे एवं जूते आदि समय-समय पर प्रदान किये जाते हैं। इसके साथ ही विभिन्न एस.एल.आर.एम. केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर चिकित्सकों द्वारा स्वाथ्य जांच करते हुये आवश्यकतानुसार दवाइयां निःशुल्क प्रदान की जाती है। 

गुजरात के नगरीय प्रशासन के संचालक श्री पाटनी एवं विभिन्न नगरीय निकायों के आईएएस अधिकारियों तथा प्रोजेक्टर ऑफिसर द्वारा स्वच्छता समिति के सदस्यों से प्राप्त जानकारी एवं निगम आयुक्त श्रीमती सूर्यकिरण तिवारी के मार्गदर्शन में एल.एल.आर.एम. प्रबंधन के प्रस्तुतीकरण को दृष्टिगत रखकर अम्बिकापुर स्वच्छता मॉडल की सराहना की गई। उन्होंने बताया कि इस स्वच्छता मॉडल को वे अपने शहरों में भी लागू करेंगे।  

उल्लेखनीय है कि नगर पालिक निगम अम्बिकापुर को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से स्वच्छ अम्बिकापुर मिषन सहकारी समिति के सदस्यों द्वारा नगरीय क्षेत्र में ठोस एवं द्रव अपशिष्ट प्रबंधन केन्द्र अर्थात एस.एल.आर.एम. केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है। स्वच्छता समिति के सदस्यों द्वारा निगम क्षेत्र के प्रत्येक घर तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सूखे एवं गीले कचरे का संग्रहण करते हुये एस.एल.आर.एम. केन्द्रों में कचरे की प्रकृति के अनुसार उनका पृथककरण किया जा रहा है। गीले कचरे के रूप में प्राप्त साग-सब्जियों के छिलके तथा अन्य खाद्य पदार्थो को पशुओं को खिलाने एवं कम्पोस्ट बनाने का कार्य किया जाता है। 

सूखे कचरे के रूप में प्राप्त सामग्रियों का उनकी प्रकृति के अनुरूप पृथककरण एवं साफ-सफाई कर संबंधित व्यापारियों को विक्रय किया जाता है। स्वच्छता समिति के सदस्यों द्वारा प्रतिमाह निगम क्षेत्र में स्थित प्रत्येक मकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निर्धारित कलेक्शन चार्ज लिया जाता है। इस प्रकार ठोस एवं द्रव अपशिष्ट प्रबंधन के माध्यम से प्राप्त राशि की सहायता से स्वच्छ अम्बिकापुर मिशन सहकारी समिति का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।