Oct 17, 2019
अभिषेक सेमर : भारतीय जनता पार्टी मंडल तखतपुर द्वारा ''गांधी संकल्प पद यात्रा'' का आयोजन किया गया। जिसमें सांसद अरुण साव के नेतृत्व में गांधी पुतला पर माल्यार्पण कर पूजन अर्चन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा जनों को संबोधित करते हुए सांसद अरूण साव ने कहा कि-महात्मा गांधी जी की हम 150 वीं जयंती मना रहे हैं। ऐसे समय में उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा कर उनसे प्रेरणा लेकर हमें आगे कार्य करने की आवश्यकता है।
सत्य अहिंसा के पुजारी थे गांधीजी
गांधीजी जहां सत्य अहिंसा के पुजारी थे वहीं हमारे देश की स्वतंत्रता में उनके योगदान को भुलाया नही जा सकता। गांधीजी के विचार और दर्शन आज भी प्रासंगिक है। इस अवसर पर उपस्थित श्रीमती हर्षिता पांडेय ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने पूरे विश्व को अपने कार्य और विचारों से प्रभावित किया। गांधी जी का रामराज्य की कल्पना और मद्य निषेध को लागू करना भी आज की आवश्यकता है। कार्यक्रम को जिला महामंत्री और यात्रा प्रभारी घनश्याम कौशिक तथा मंडल अध्यक्ष त्रेतानाथ पांडेय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री प्रदीप कौशिक ने किया। बीजेपी की गांधी संकल्प पदयात्रा भाजपा कार्यालय पांडेय बाड़ा से निकलकर गांधी पुतला से होकर मंडी चौक से होते हुए तहसील कार्यालय पहुँचा जहां राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। उसके पश्चात वार्ड एक दो तीन चार पांच छः तथा सात और नौ दस वार्डो का भ्रमण करते हुए जनकपुर में सम्पन्न हुआ।