Loading...
अभी-अभी:

कोंडागांवः तीन लाख की ईनामी महिला नक्सली गिरफ्तार

image

Jan 30, 2018

**कोंडागांव।** छितपानी के जंगल से तीन लाख की ईनामी महिला नक्सली को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। गिरफ्तार महिला नक्सली आमदई एलओएस की सक्रिय सदस्य है। मर्दापाल पुलिस एवं डीआरजी बल की संयुक्त टीम द्वारा नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा था जिसमें कार्रवाई के लिए कुदूर, तुमड़ीवाल, हांदापाल, छितपानी की ओर टीम रवाना हुई थी।उसी दौरान जंगल से महिला नक्सली की गिरफ्तारी की गई है। **घेराबंदी कर की गिरफ्तारी...** नक्सल विरोधी अभियान की गठित टीम ने गश्त सर्चिंग के दौरान ग्राम छितपानी के जंगल से आमदई एलओएस की सक्रिय महिला नक्सली सदस्य बालमती कोर्राम उर्फ जनीला उम्र 21 वर्ष जाति गोंड जिला-नारायणपुर (छ.ग.) को छितपानी के जंगल से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। **2015 में पुलिस पर किया था हमला...** गिरफ्तार आमदई एलओएस महिला नक्सली पर शासन द्वारा तीन लाख का ईनाम घोषित है। गिरफ्तार महिला नक्सली ने अपने माओवादी साथियों के साथ 4 फरवरी 2015 को ग्राम हड़ेली के जंगल में पुलिस पार्टी पर हमला करने का आरोप स्वीकार किया है। उक्त महिला नक्सली को 30 जनवरी 2018 को महिला पुलिस अभिरक्षा में लेकर विधिवत् गिरफ्तार कर माननीय विशेष न्यायालय (एन.आई.ए.) जगदलपुर के समक्ष पेश किया गया है।