Loading...
अभी-अभी:

भाजपा बनाम कांग्रेस, दोनों कर रहे एक दूसरे के विशेषाधिकारों का हनन

image

Dec 18, 2018

राफेल सौदे पर पक्ष-विपक्ष की सियासी तकरार शीर्ष अदालत के फैसले के बाद और भी बढ़ गई है। संसद के बाहर चल रही बयानबाजी के अलावा अब इस मामले में लोकसभा में भी हंगामा हो रहा है। इसी क्रम में भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ, वहीं कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस जारी किया है।

हालांकि इन नोटिसों पर आखिरी निर्णय तो स्पीकर सुमित्रा महाजन का होगा,  लेकिन दोनों पक्ष में तकरार तो होगी ही। स्पीकर यदि नोटिस को स्वीकार करती हैं तो आगे की कार्रवाई के लिए उसे विशेषाधिकार कमेटी के पास पहुँचाया जाएगा। इससे पहले भाजपा के तीन सांसदों, अनुराग ठाकुर, निशिकांत दुबे तथा संजय जैस्वाल ने मानसून सत्र में मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान दिए गए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान के संदर्भ में यह नोटिस दिया है। राहुल पर राफेल सौदे को लेकर सदन में 'झूठ बोलने' तथा 'सदन को गुमराह' करने का भी आरोप नोटिस में लगाया गया है।

भाजपा सांसदों ने अपने नोटिस में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान के उस अंश को संदर्भित किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि संप्रग सरकार प्रति राफेल विमान 520 करोड़ रुपये में खरीदने पर सहमत हुई थी, लेकिन भाजपा नीत राजग सरकार ने 'मैजिक' से उसकी कीमत बढ़ाकर 1600 करोड़ रुपये प्रति विमान के सौदे पर हस्ताक्षर किए हैं। भाजपा सांसदों ने आरोप लगाया है कि यह बयान पूरी तरह असत्य है, राहुल गांधी द्वारा की गई कीमतों की तुलना काल्पनिक, गलत तथा सरासर झूठ है, यह सदन को गुमराह करने का प्रयास था।