Loading...
अभी-अभी:

पाकिस्तान : PoK में हिमस्खलन का बरपा कहर, अब तक 152 लोगों की मौत

image

Jan 17, 2020

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हिमस्खलन की चपेट में आई छह वर्षीय बच्ची ने गुरुवार को एक अस्पताल में दम तोड़ दिया और इसके बाद यहां मरने वालों की तादाद 152 हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने इस संबंध में जानकारी दी है। मिलिट्री अस्पताल के प्रो. डॉ. अदनान मेहराज ने बताया है कि तारिक शेख की बेटी सफिया को हिमस्खलन में फंसने और वहां से बाहर आने के बाद शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान अस्पताल में ले जाया गया था, जिसके बाद उसे मिलिट्री अस्पताल लाया गया किन्तु दिमागी चोट के कारण उसने दम तोड़ दिया।

20 घंटे से ज्यादा समय तक बर्फ में फंसी रही बच्ची
डॉ. मेहराज ने बच्ची के मां का हवाला देते हुए कहा कि उनके गांव सेरी के हिमस्खलन की चपेट में आने से यह बच्ची 20 घंटे से ज्यादा समय तक बर्फ में फंसी रही थी। डॉ. मेहराज ने कहा पीएम इमरान खान ने बुधवार को अस्पताल का दौरा किया और इस दौरान उन्होंने खास तौर से साफिया की स्थिति के बारे में चिंता व्यक्त की थी।

दो परिवार के 18 लोगों की मौत
साफिया के परिवार के सबसे बुजुर्ग सदस्य शेख खैरुल्लाह ने बताया है कि बीते सोमवार को उनके गांव सेरी के दो घर जबर्दस्त हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे और इसमें दोनों परिवार के 18 लोगों की जान गई थी। साफिया भी इसी हिमस्खलन का शिकार हुई थी।