Loading...
अभी-अभी:

कई दिग्गज नेताओं ने श्रीदेवी के निधन पर जताया शो​क।

image

Feb 25, 2018

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी और कई नेताओं ने दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट में लिखा कि अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। वह अपने लाखों प्रशंसकों का दिल तोडक़र चली गईं। कोविंद ने आगे लिखा कि मेरी संवेदनाएं उनके परिवार वालों और करीबी लोगों के साथ हैं। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी श्रीदेवी के लंबे फिल्मी कॅरियर में निभाए उनके बेहतरीन किरदारों तथा उनके सशक्त अभिनय को याद करते हुए उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

उपराष्ट्रपति ने ट्वीट किया कि मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी के अचानक निधन से बेहद दुखी हूं। वह बहुमुखी प्रतिभा की धनी थीं, जिन्होंने तेलुगू, हिंदी और अन्य दक्षिण भारतीय भाषा की फिल्मों में यादगार भूमिकाएं कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि जानी मानी अभिनेत्री श्रीदेवी के असमय निधन से दुखी हूं। वह फिल्म जगत की दिग्गज अभिनेत्री थीं जिनके लंबे करियर में विविधतापूर्ण भूमिकाएं और अविस्मरणीय अभिनय शामिल हैं।

उन्होंने आगे लिखा कि दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार वालों एवं प्रशंसकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने श्रीदेवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि श्रीदेवी अभिनय का पावरहाउस थीं। उनकी एक लंबी अत्यंत सफल यात्रा का अचानक ही अंत हो गया। मेरी संवेदनाएं उनके परिजन एवं उनके चाहने वालों के साथ हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिग्गज अभिनेत्री के निधन पर शोक जताते हुए अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया कि श्रीदेवी के असामयिक निधन से दुखी हूं। वह अपनी पीढ़ी की सबसे मशहूर अभिनेत्री थीं। उनके परिवार, फिल्म उद्योग में उनके सहकॢमयों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

अपने शोक संदेश में फडणवीस ने कहा है कि श्रीदेवी ने करीब पांच दशक से भी पहले अपने करियर की शुरुआत की थी। हिंदी फिल्मों तथा विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में वह सफलतापूर्वक काम कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि सदमा, चांदनी, लम्हे तथा इंग्लिश विंग्लिश जैसी फिल्मों में उनकी भूमिकाएं अरसे तक याद की जाएंगी।राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बॉलीवुड की प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

वसुंधरा ने अपने संदेश में कहा कि श्रीदेवी ने अपने जीवंत और भावपूर्ण अभिनय से भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाईयां दीं। उनके निधन से हमने एक सशक्त महिला कलाकार को खो दिया। अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।