Loading...
अभी-अभी:

कांग्रेस की सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण की गारंटी

image

Mar 14, 2024

भोपाल (राज्य ब्यूरो)। - लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबले के लिए कांग्रेस ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। युवाओं को न्याय गारंटी देने के बाद अब नारी न्याय की गारंटी दी गई है। इसमें सरकारी नौकरियों में 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित करने की घोषणा की गई है, साथ ही गरीब परिवार की एक महिला को वर्ष में एक लाख रुपये देने की अपनी घोषणा को कांग्रेस अपने गिरते ग्राफ को थामने के लिए संजीवनी मानकर चल रही है। विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने कई गारंटियां दी थीं लेकिन मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में परिणाम अनुकूल नहीं आए। पार्टी ने युवा के बाद अब नारी न्याय की गारंटी दी है। इसमें वादा किया गया है कि हर गरीब महिला को वर्षभर में उसके बैंक खातों में एक लाख रुपये देगी। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार एक करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1,225 रुपये दे रही है। जवाब में कांग्रेस की ओर से केंद्र में सरकार बनने पर सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा भी किया है। कहा गया है कि आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिलाओं को दोगुनी केंद्रीय सहायता दी जाएगी और पंचायतों में अधिकार मैत्री की नियुक्ति व कामकाजी महिलाओं के लिए सावित्री बाई फुले के नाम से छात्रावासों की संख्या दोगुनी होगी। सरकारी नौकरी में बढ़ेगी महिलाओं की हिस्सेदारीः प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल का कहना है कि पार्टी हमेशा से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और अधिकार संपन्न बनाने की पक्षधर रही है। यह उसी दिशा में बढ़ाया गया कदम है। इससे महंगाई की मार झेल रही गरीब परिवार की महिलाओं को राहत तो मिलेगी ही सरकारी नौकरियों में हिस्सेदारी भी बढ़ेगी। फिलहाल अधिकांश महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता कम है। उन्हें इससे अवगत कराने के लिए पंचायत स्तर पर अधिकार मैत्री की नियुक्ति की जाएगी, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। 

वंचित वर्ग में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ा रही है भाजपा

उधर, मध्य प्रदेश में भाजपा वंचित वर्ग में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ा रही है। भाजपा ने इसका एक उदाहरण प्रदेश की 29 में से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित 10 में से चार सीटों पर महिलाओं को प्रत्याशी बनाकर दिया है। पार्टी ने अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित चार में एक तो अनुसूचित जनजाति की छह में तीन सीट पर महिलाओं को उतारा है। इनमें रतलाम से अनिता नागर सिंह चौहान, धार से सावित्री ठाकुर और शहडोल से हिमाद्री सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इसी तरह अनुसूचित जाति वर्ग के लिए सुरक्षित चार में एक संसदीय सीट भिंड से संध्या राय प्रत्याशी बनाई गई है। वह वर्तमान में इसी सीट से सांसद है।

Report By:
Author
Ankit tiwari