Loading...
अभी-अभी:

हवा हवाई अब नहीं रहीं हमारे बीच : श्रीदेवी

image

Feb 25, 2018

अपने दमदार अभिनय और दिलकश अदाओं से बॉलीवुड़ पर अपनी ​अमिट छाप छोड़ने वाली मशहूर अदाकारा श्रीदेवी अब हमारे बीच नहीं रही। दुबई में बीती रात दिल का दौरा पडऩे से उनका निधन हो गया। उनकी आयु महज 54 वर्ष थी। 

श्रीदेवी ने बॉलीवुड़ में अपना पहला कदम फिल्म सोलहवां सावन से रखा वहीं वर्ष 2013 में उनको पद्मश्री से सम्मानित भी किया गया। फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें अपने दमदार अभिनय के कारण हमेशा याद किया जाएगा। सदमा, चांदनी, लम्हे से लेकर इंग्लिश विंग्लिश और मॉम आदि फिल्मों के किरदारों को उन्होंने पर्दे पर सजीव चित्रण की तरह प्रस्तुत किया। उनकी आखिरी फिल्म मॉम थी। लेकिन आपको बता दें कि ये फिल्म उनके करियर की आखिरी फिल्म नहीं होगी। अंतिम फिल्म अभिनेता शाहरूख खान की आगामी फिल्म जीरो होगी। इस फिल्म में वे एक अतिथि भूमिका में नजर आएंगी। बता दें कि यह फिल्म दिसंबर में रिलीज होगी। 

फिल्म निर्माता बोनी कपूर से विवाह करने वाली श्रीदेवी की दो पुत्रियां जाह्नवी और खुशी हैं। अपने अभिनय की शुरूआत चार साल की उम्र में तमिल फिल्म थुनाइवन से 1969 में की। मलयालम, तेलुगु ओर कन्नड़ फिल्मों में अभिनय की अपनी सफल पारी के बाद श्रीदेवी दक्षिण भारतीय फिल्मों का एक लोकप्रिय चेहरा बन गईं।

नायक प्रधान फिल्मों के दौर में उन्होंने मवाली (1983), तोहफा (1984), मिस्टर इंडिया (1987), चांदनी(1989), चालबाज (1989), लम्हे (1991) और गुमराह (1993) जैसी फिल्में दीं। बॉक्स ऑफिस पर हिट कहलाने वाली इन फिल्मों के बीच उनकी फिल्म सदमा एक अलग पहचान रखती है। यह फिल्म 1983 में आई थी। फिल्म जुदाई में उन्होंने अनिल कपूर और उर्मिला मातोंडकर के साथ काम किया। इसके बाद ही श्रीदेवी ने अनिल कपूर के बड़े भाई बोनी कपूर से विवाह किया और करीब 15 साल तक रूपहले पर्दे पर नजर नहीं आईं।

देवी ने अपनी अंतिम श्वांस दुबई में ली जहां वह अपने परिवार के साथ अपने भतीजे मोहित मारवाह के विवाह समारोह में शामिल होने गई थीं। श्रीदेवी के परिवार से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि विवाह समारोह के बाद कुछ संबंधी दुबई से भारत लौट आए थे, लेकिन श्रीदेवी और उनकी छोटी बेटी खुशी दुबई में रूक गई थीं। श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी अपनी पहली फिल्म की शूटिंग की वजह से मुंबई में ही थीं।

दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी के असामयिक निधन से भारतीय फिल्म उद्योग सदमे में है। उनके निधन को लेकर बॉलीवुड की गई जानीमानी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर अपना शोक व्यक्त किया। उनके निधन की खबर मिलने के कुछ ही मिनटों बाद अमिताभ बच्चन, प्रियंका चोपड़ा, सुष्मिता सेन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और रितेश देशमुख जैसे कई बॉलीवुड अभिनेताओं ने ट्विटर पर अपनी संवेदना व्यक्त की।

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने सबसे पहले अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, पता नहीं क्यों, कुछ अजीब सी बेचैनी महसूस कर रहा हूं। प्रियंका ने लिखा, मेरे पास शब्द नहीं हैं। श्रीदेवी से प्यार करने वाले हर शख्स के लिये मेरी संवेदनाएं हैं। दुखद दिन। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।