Loading...
अभी-अभी:

किसानों को हर संकट से निजात दिलाएगी राज्य सरकार

image

Aug 31, 2017

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के कुछ अंचलों में कम वर्षा होने से किसानों को फसलों के खराब होने की चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार किसानों को हर संकट से निजात दिलाएगी। आज सतना जिले के ग्राम जैतवारा में हितग्राही सम्मेलन-सह-कृषक संगोष्ठी में चौहान ने कहा कि किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिये प्रदेश में भावांतर भुगतान योजना लागू की जा रही है। योजना में किसान द्वारा अधिसूचित कृषि उपज मण्डी में चिन्हित फसल बेचने पर राज्य सरकार द्वारा घोषित मॉडल विक्रय दर और केन्द्र द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य के अंतर की राशि किसानों के खातों में सरकार जमा कराएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अगले तीन माह में सभी अविवादित नामांतरण, बँटवारा और सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण कर लिया जाएगा। इसके लिये राजस्व विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में अभियान स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके बाद कोई पुराने लंबित प्रकरण की जानकारी मिलती है तो जानकारी देने वाले व्यक्ति को एक लाख रूपये का पुरूस्कार दिया जाएगा। यह राशि विलम्ब के लिये दोषी संबंधित अधिकारी/कर्मचारी से वसूल की जायेगी।

मुख्यमंत्री ने जैतवारा को तहसील बनाने के संबंध में संभावनाओं का परीक्षण कराने और बायपास के लिये जमीन की उपलब्धता का सर्वे कराने के निर्देश दिये। श्री चौहान ने बरौंधा मे आई.टी.आई. खोलने, गलबल से परसदिया तक सड़क बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने जन-समुदाय को सम्मेलन में नये भारत के निर्माण में नया मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प दिलाया।

10 करोड़ 58 लाख की लागत के कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री चौहान ने 10 करोड़ 58 लाख रूपये लागत के 6 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उद्योग, वाणिज्य एवं खनिज साधन मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद गणेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा सिंह, विधायक शंकरलाल तिवारी, नारायण त्रिपाठी, महापौर ममता पाण्डेय, पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष प्रदीप पटेल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष सिंह, नरेन्द्र त्रिपाठी जन-प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित थे।