Loading...
अभी-अभी:

खुले मैदान के पेड़ पर ड्रिप लगाकर चल रहा गर्भवती महिला का इलाज

image

Sep 14, 2017

राजगढ़ : जिले के ब्यावरा कस्बे के सिविल अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। सूबे के राजगढ़ जिले में गर्भवती महिला को सरकारी अस्पताल में खुले में बेड पर लिटाया और पेड़ पर ड्रिप लगा दी गई। जानकारी के मुताबिक  पूजा बाई नाम की गर्भवती महिला इलाज के लिए रायगढ़ के सिविल अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टरों ने उसे अस्पताल परिसर में खुले में ही पलंग लगाकर लिटा दिया।

इलाज के नाम पर डॉक्टरों ने महिला को ड्रिप लगाई और जिस पेड़ के नीचे उसे लिटाया उसी से ड्रिप को लटका दिया। इतना ही नहीं महिला को जिस बेड पर लिटाया गया था उस पर गद्दा और चादर तक नहीं थी। सरकारी अस्पताल की हकीकत बयां करने वाली तस्वीर सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का कोई अफसर इस पर खुलकर बोलने से बच रहा है।

बताया जा रहा है कि अस्पताल की क्षमता से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं। ऐसे में संसाधन और स्टाफ की कमी के कारण अस्पताल की व्यवस्थाएं भी बिगड़ती नजर आ रही है। चार नर्सों की जगह केवल दो नर्से काम कर रही है और मरीजों की भारी संख्या के चलते वो भी बेबस है। ऐसे में मरीजों को सही इलाज नहीं मिल पा रहा है। प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. आरबी कौशल ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में  मौसमी बीमारियों का हवाला दिया है। उनका दावा है कि अचानक मरीजों की संख्या ज्यादा बढ़ने की वजह से महिला वार्ड में जगह नहीं है। इसलिए महिला पूजा बाई को बाहर लिटा दिया गया होगा।