Sep 27, 2017
भोपाल : पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के एक रिश्तेदार ने रिवेरा टाउन स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार विभोर दुबे मानसिक तनाव में रहता था। व्यापमं मामले में पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के साथ इसका भी नाम जोड़ा गया था।
कई जांच एजेंसियों ने इसकी जांच भी की थी, लेकिन विभोर दोषी नहीं पाया गया था। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत का करीबी होने की वजह से मृतक विभोर को माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय में नौकरी भी मिल गयी थी, लेकिन व्यापमं में नाम आने के बाद मृतक को नौकरी से बाहर कर दिया गया था।
तब से ही मृतक लक्ष्मीकांत का ही काम संभालता था। कमला नगर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। टीटी नगर संभाग के सीएसपी गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि मृतक के बारे में पूरी जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच के बाद ही मामले का खुलासा होगा।