Loading...
अभी-अभी:

7 वर्षीय बालिका को खेत में ले जाकर 25 वर्षीय दरिंदे ने किया दुष्कर्म

image

Jun 1, 2018

रतलाम जिले के जावरा अंतर्गत थाना रिंगनोद के आलमपुर ठिकरिया में 25 वर्षीय दरिंदे ने घर के बाहर खेल रही 7 वर्षीय मंदबुद्धि बालिका का अपहरण कर लिया। उसे खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। बालिका के गुप्तांग पर गंभीर चोट आई और ब्लींडिंग हुई। बालिका को ढूंढते पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को रंगेहाथ पकड़कर धुनाई कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया। बालिका मंदबुद्धि होकर सही से बोल नहीं पाती, इसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ हैवानियत की। नए कानून के तहत ऐसे मामलों में आरोपी को फांसी तक का प्रावधान है। पुलिस का कहना है बारीकी से जांच करेंगे। हर सबूत व गवाह जुटाएंगे ताकि ऐसे दरिंदे को फांसी मिले। 

रिंगनोद थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने बताया 7.30 बजे आलमपुर ठिकरिया में 7 वर्षीय बालिका आंगन में खेल रही थी। मां अंदर खाना बना रही थी। गांव का ही रहने वाला आरोपी थावर बागरी (25) वहां आया और बालिका को उठाकर गांव से बाहर जंगल में ले गया। एक खेत में बालिका के साथ दरिंदगी की। बालिका मंदबुद्धि है और सही से बोल नहीं पाती इसलिए विरोध या चिल्लाने की आवाज भी ग्रामीणों को सुनाई नहीं दी। थोड़ी देर बाद मां घर से बाहर आई तो आंगन में बालिका नहीं दिखी। आसपास में पूछने पर कुछ बच्चों ने बताया कि थावर बालिका को जंगल तरफ ले गया है। गांव के लोगों के साथ परिजन उसे ढूंढने पहुंचे। गांव से थोड़ी दूर एक खेत में थावर को बालिका से दुष्कर्म करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बालिका को इलाज के लिए जावरा भेजा। जहां से उसे रतलाम रैफर किया है। पुलिस ने थावर को गिरफ्तार कर धारा 366, 376, पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी मालवीय ने बताया थावर बागरी के खिलाफ पहले से घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट के दो अन्य मामले है। वह आपराधिक प्रवृति का है और मासूम के साथ ज्यादती की है। जरूरी सबूत व गवाह जुटाएंगे ताकि इस दरिंदे को फांसी की सजा मिल सके। 

एसडीओपी डी.आर. माले ने गुरुवार शाम घटनाक्रम का खुलासा करते हुए आरोपी थावर की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम में शामिल टीआई शिवांशु मालवीय, ढोढर चौकी प्रभारी अमितसिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक कोदरसिंह, आरक्षक कमलेश पांडेय, संजय आंजना, जाकीर खान, ललित जगावत, अनिल पाटीदार, राजपाल सिंह, संदीप शर्मा को एसपी ने नकद इनाम देने की घोषणा की है। 
थाना प्रभारी मालवीय ने बताया जिस बालिका के साथ दुष्कर्म हुआ, वह मूलत: बैगमपुरा की रहने वाली है। दो दिन पहले ही उसकी मां के साथ आलमपुर ठिकरिया में मामा के यहां आई थी। यहीं पर उसके साथ दरिंदगी हुई।