Loading...
अभी-अभी:

अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ पर लगी भक्तों की भीड़

image

Mar 4, 2019

बलवन्त भट्ट- सोमवार और शिवरात्रि का पर्व, महापर्व पर यह विशेष संयोग से बहुत मुश्किल से मिलता है। आज इस महापर्व पर सभी शिवालयों पर भक्तों का मेला लगा है। जहां भक्त भगवान शिव का पूजन व अभिषेक कर बिल्वपत्र चढ़ाते हैं। शिवरात्रि को भगवान शिव की विशेष पूजा अर्चना की जाती है, जिससे कि भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। भक्त परिवार सहित सम्पूर्ण विश्व की खुशहाली के लिए ये पूजा करते हैं।   

आठ मुख वाली पशुपतिनाथ की यह प्रतिमा अपने आप में अनोखी     

मध्यप्रदेश के मन्दसौर में स्थित एक मात्र अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ की यह प्रतिमा अत्यंत ही प्राचीन और दर्शनीय है। यह प्रतिमा मन्दसौर की जीवनदायिनी शिवना मैय्या (शिवना नदी से प्रकट हुई है) के गर्भ से प्रकट हुई है। जहां प्रतिमा की लंबाई साढ़े सात फिट है, वहीं गोलाई में 11 फिट है। पशुपतिनाथ की लिंग रूप में बनी इस प्रतिमा में आठ मुख हैं जिसमें अलग अलग मुख मुद्रायें नज़र आती है। बाल्यावस्था, किशोरावस्था, युवावस्था और वृद्धावस्था इस प्रतिमा के अलग अलग मुख में नज़र आती है। यह प्रतिमा सैकड़ों वर्ष प्राचीन है। यहां, जहां एक तरफ पूरे साल भक्तों का आना जाना लगा रहता है, वहीं आज शिवरात्री के महापर्व पर यहां विशेष पूजा अर्चना भी की जाती है। कार्तिक माह में यहां 15 दिवसीय मेले का आयोजन भी किया जाता है। जिसमें दूर दूर से व्यापारी और दर्शनार्थी आते हैं। आज शिवरात्रि के पर्व पर भी सुबह 4 बजे से यहा भक्तों का तांता लगा हुआ है। जिला सहित दूर दराज़ से यहां दर्शनाथी दर्शन का लाभ लेने आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। भक्तों की ज्यादा भीड़ को देखते हुए महिला और पुरुष को अलग अलग कतार लगवाकर दर्शन करवाये जा रहे हैं। पूरे मंदिर में 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, तो वहीं प्रशासन के आला अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था पर नज़र बनाए हुए हैं।