Loading...
अभी-अभी:

जबलपुरः प्रशासन के द्वारा अवैध निर्माण और भू माफ़ियाओं के खिलाफ़ बड़ी कार्यवाही

image

Dec 16, 2019

अरविन्द दुबे - जिला और नगर निगम प्रशासन के द्वारा अवैध निर्माण और भू माफ़ियाओं के खिलाफ़ रविवार को भी कार्यवाही की गयी। रविवार को शताब्दीपुरम में जबलपुर विकास प्राधिकरण की जमीन पर बने उद्यान से बिल्डर के अवैध कब्जे को तोड़ा गया। गोहलपुर क्षेत्र में डिसूजा बिल्डर के द्वारा किये गये अवैध निर्माण को भी गिराया गया। इसके बाद शहर के बीच में जयंति कांप्लेक्स में पार्किंग की जगह पर किये गये अतिक्रमण को भी तोड़ दिया गया। इसके अलावा शहर के अन्य 6 स्थानों पर शासकीय भूमि पर किये गये बड़े निर्माण को भी हटाया गया और शासकीय भूमि को वापस अपने कब्जे में लिया गया। जिला प्रशासन की इस कार्यवाही को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना विरोध जताया है और इसे बदले की भावना से किया गया काम बताया जा रहा है।

भाजपा समर्थक व्यापारियों और बिल्डर्स के खिलाफ़ कार्यवाही का भाजपा ने लगाया आरोप

भाजपा ने आरोप लगाया है कि कमलनाथ सरकार के मंत्रियों के इशारे पर भाजपा समर्थक व्यापारियों और बिल्डर्स के खिलाफ़ कार्यवाही की जा रही है। इस आरोप का जवाब देते हुये प्रदेश के वित्त मंत्री तरुन भनोत ने कहा कि यदि भाजपा का आरोप सही है तो मै इस आरोप का स्वागत करता हूं और उस मंत्री को बधाई देता हूं, क्योंकि हम गलत काम और नियम विरुद्ध किये गये अवैध कब्जों को हटाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी तरह की राजनीति नहीं होना चाहिये। पूरे प्रदेश में भू माफ़ियाओं के खिलाफ़ कार्यवाही की जा रही है। इसमें पूरी पारदर्शिता के साथ काम हो रहा है। खास बात यह है कि ऐसी कार्यवाही का प्रदेश की जनता स्वागत कर रही है, जिससे जाहिर होता है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ के द्वारा भू माफ़ियाओं के खिलाफ़ चलाया जा रहा अभियान एक दम सही है। जनता आगे बढ़ कर इस अभियान में अपना सहयोग दे रही है। इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।