Loading...
अभी-अभी:

दिग्विजय सिंह एकता यात्रा ले कर पहुँचे अलीराजपुर, एकजुट हो कर कार्य करने का दिया मंत्र

image

Jul 13, 2018

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह आज अपनी एकता यात्रा ले कर अलीराजपुर पहुँचे। जहाँ उन्होंने जिले की अलीराजपुर व जोबट विधानसभा के कार्यकर्ताओं से बंद कमरे में वन टू वन चर्चा की और जिले में कांग्रेस की स्थिति को मज़बूत करने के लिए एकजुट हो कर कार्य करने का मंत्र दिया। 

इस मौके पर कांग्रेस से दोनों ही विधानसभा सीटो के दावेदार दिग्विजय सिंह के सामने अपनी दावेदारी पेश करने के लिए सैकड़े समर्थकों के साथ पहुँचे। दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ सहभोज किया और संगत में पंगत का मंत्र देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अन्न जल की शपथ लेने का आह्वान किया और कहा कि उम्मीदवार चाहे कोई भी हो हम सभी मिल कर कांग्रेस को जीताने के लिए इस चुनाव में कार्य करेंगे। 

दिग्विजय सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि इस विधानसभा चुनाव में हर जिले में समन्वय स्थापित करने हेतु पर्यवेक्षक नियुक्त किये जायेंगे जो चुनाव होने तक पार्टी नेताओ में समन्वय बनाये रखने का काम करेंगे और अगर ज़रूरत पड़ी तो हर विधानसभा स्तर पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त कर समन्वय बनाने का काम किया जायेगा। उन्होंने शशि थरूर के हिन्दू पकिस्तान वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस भी देश में कट्टरवादी विचारधारा होती है वहाँ धार्मिक उन्माद बढ़ने लगता है और भाजपा देश को धार्मिक उन्माद की ओर धकेल रही है। दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर जवाबी हमला करते हुए कहा कि भाजपा मेरे खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है, उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वो उनका वीडियो क्लिप ला कर दिखा दे जिसमे उन्होंने हिन्दू आतंकवाद की बात कही हो। दिग्विजय सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि मैंने संघ के उन कार्यकर्ताओ के खिलाफ संघीय आतंकवाद की बात कही थी जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया है, न कि हिन्दू आतंकवाद की। दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश की राज्यपाल आनंदी पटेल के सतना में दिए बयान पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि राज्यपाल शासकीय मंच से भाजपा कार्यकर्ताओं को शासकीय योजनाओं में मदद करने की बात कहती है जो कि राज्यपाल को कतई शोभा नहीं देता है।