Loading...
अभी-अभी:

जबलपुर में तेंदुए को देखे जाने के बाद वन विभाग का सर्च अभियान जारी, इलाके में बढ़ी दहशत

image

Dec 16, 2019

अरविंद दुबे : जबलपुर के कुछ इलाको में तेंदुए को देखे जाने के बाद प्रशासन ने उसे पकड़ने के लिए पिंजड़ा रखा है और वन विभाग के अमले ने सर्च अभियान चलाया है। रामपुर के नयागांव में  तेंदुए की दहशत और ज्यादा बढ़ गई है, एक स्थानीय व्यक्ति के द्वारा शाम के वक्त तेंदुए को काॅलोनी के अंदर देखा गया है। रमाकांत नयागांव में एक अधिकारी के घर पर काम करते हैं। घर के कामकाज निपटाकर प्रतिदिन शाम को कुत्तों को काॅलोनी में घुमाना उनकी जिम्मेदारी है। बता दें कि, रमाकांत शाम करीब 7 बजे वे कुत्ते को लेकर काॅलोनी के पास वाली पहाड़ी पर पहुंचे थे तभी वहां सामने एक तेंदुए जैसे जानवर को उन्होंने देखा, इस दौरान कुत्ते का व्यवहार भी अचानक एकदम बदल गया जिससे वे समझ गए कि यह तेंदुआ ही है। इसके बाद वे वहां से अपने कुत्ते को लेकर तत्काल वापस लौट आए। 

इस घटना की जानकारी उन्होंने काॅलोनी के सभी सदस्यों को दी जिसके बाद कॉपरेटिव सोसायटी के अध्यक्ष ने वन विभाग को तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी दी। वन विभाग द्वारा सुरक्षा के लिहाज से जहां तेंदुए की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं वहीं जिस स्थान पर तेंदुआ दिखाई दिया था वहां एक पिंजरा रख दिया गया है। काॅलोनी वासियों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण अब पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, रविवार के दिन भी गार्डन सुनसान था और लोग शाम को 6 बजे के बाद घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं वहीं दिन के समय में भी लोग डरे हुए हैं। बीते दो महीनों से रामपुर, नयागांव, ठाकुरताल इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा हो रही है, कई बार वन विभाग की टीम ने इस पहाड़ी इलाके में चैकिंग भी की लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। बीते कुछ दिनों में जानवरों के क्षत विक्षत शरीर मिलने से जरूर तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हो रही है लेकिन अभी तक न तो वन विभाग को तेंदुआ दिखाई दिया और न ही किसी नागरिक पर तेंदुए ने हमला किया। बहरहाल वन विभाग भी सक्रिय है और नयागांव के अलावा अन्य दो स्थानों पर पिंजरे रखवाए गए हैं।