Loading...
अभी-अभी:

बोझा बन चुकी है कांग्रेस, उतारकर फेंक दे इस बोझे को : योगी आदित्यनाथ

image

Nov 22, 2018

कुशल कुमार : इटारसी में जब बिजली, सड़क, पर्याप्त पानी, किसानों को फसल का उचित दाम, सुशासन और सुरक्षा भाजपा दे रही तो कांग्रेस का क्या काम? कांगे्रस बोझा बन चुकी है। इस बोझे को उतारकर फेंक दीजिए।  कांग्रेस के शासन में कांग्रेस ने न सड़क बनवाई, न बिजली दी, न पर्याप्त पानी दिया न किसानों को उसकी उपज का उचित दाम दिया और कांग्रेस के शासन में कुशासन और असुरक्षा का माहौल था। यह बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने आरएमएस के सामने सभा को संबोधित करते हुए कही। 

कमलनाथ कहते हैं हमें नहीं चाहिए अनुसूचित जाति जनजाति की वोट 
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने नेता कमलनाथ का बयान है कि उन्हें अनुसूचित जाति, जनजाति का वोट नहीं चाहिए। उनके लिए मुस्लिम वोट ही पर्याप्त हैं। कांग्रेस ने तुष्टिकरण की नीति अपनाकर देश का विभाजन करा चुकी है। अब तुष्टीकरण की नीति पर चलकर देश की आस्था का प्रतीक श्री राम जन्मभूमि पर भगवान राम का मंदिर नहीं बनने दिया।

माफियावाद हावी था कांग्रेस के शासन में 
प्रदेश में १५ सालों से शिवराज सिंह और केंद्र में साढे चार सालों से नरेंद्र मोदी की सरकार है। केंद्र सरकार ने देश का विकास और प्रदेश सरकार ने प्रदेश की समृद्धि के लिए काम किया है। प्रदेश की भाजपा सरकार विकास की अग्रदूत बनकर उभरी है। पंद्रह साल पहले न सड़कें थी, न बिजली थी, न पर्याप्त पानी थी, न किसानों को अपनी उपज का पर्याप्त दाम मिलता था, न शिक्षा, न स्वास्थ्य की उत्तम व्यवस्था थी और न ही रोजगार था। यहां नक्सलवाद दस्तक दे रहा था। डकैतों के गिरोह पनप रहे थे, भूमाफिया और पशु माफिया बढ़ते जा रहे थे। माफियावाद हावी हो गया था। इसलिए स्वगीय राजीव गांधी को बोलना पड़ा था कि १०० रुपए भेजता हूं और आप तक २० रुपए पहुंचता है क्योंकि यह पैसों को कांग्रेस के दलाल खा जाया करते थे। 

महापुरुषों का किया है अपमान
कांग्रेस ने महापुरुषों का अपमान किया है। बाबा भीमराव अंबेडकर, लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल, सुभाषचंद्र बोस का अपमान किया है। कांग्रेस देश में आंतकवाद, अराजकता और कुशासन की जननी है। कांगे्रस के नेता स्वयं कहते हैं कि जहां भी राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव लड़ेगी वह चुनाव हार जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार २०२२ तक उन सभी को मकान देगी जिनके पास स्वयं के मकान नहीं है। यह मकान पीएम आवास योजना के तहत बनाए जाएंगे। भाजपा समृद्ध भारत बनाएगी और रामराज्य की परिकल्पना को पूरा करेगी। उन्होंने इस मौके पर होशंगाबाद इटारसी विधानसभा से उम्मीदवार डॉ. सीतासरन शर्मा और सिवनी मालवा विधानसभा से उम्मीदवार प्रेमशंकर वर्मा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। 
उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए जिले की दो विधानसभा के सिवनी मालवा और होशंगाबाद का ही जिक्र किया।