Loading...
अभी-अभी:

मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना, कहा प्रदेश में अब कोई दूसरा कैराना नहीं बनेगा

image

Sep 6, 2019

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ ने शुक्रवार को सहारनपुर कहा कि सपा के शासन काल में यहां पर दंगे होते थे, लेकिन अब प्रदेश में कोई दूसरा कैराना नहीं बनने पाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां जिले में कई करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। सहारनपुर के गंगोह में मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, सपा सरकार में नौकरी एक ही बिरादरी के लोगों को मिलती थी, अब ऐसा नहीं होता है। विकास में किसी की जाति नहीं देखी जा रही है। इनके शासनकाल में दंगा भी खूब होता था। आप सभी से वादा है कि प्रदेश में अब कोई दूसरा कैराना नहीं बनेगा। कैराना में पीएसी की बटालियन स्थापित होने जा रही है। वे आगे बोले, सहारनपुर जिला लंबे समय बाद अब राष्ट्रवाद की राह पर है। हमारा वादा है कि हम इस जिले का काफी विकास करेंगे। सरकार बिना भेदभाव के हर योजना क्रियान्वित कर रही है। हम प्रदेश का व्यापक और वास्तविक विकास कर रहे हैं।

सहारनपुर में एयरपोर्ट होने से दिल्ली की दूरी घटेगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत का निर्माण किया है। 370 को समाप्त करना कश्मीर के लिए मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। इसके साथ ही तीन तलाक को समाप्त करने का जो बीड़ा उठाया गया है, वह सिर्फ मुस्लिम महिलाओं तक सीमित नहीं है। यह महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मसला है। उन्होंने कहा, सहारनपुर के कई उद्योग बन्द थे, उनको चालू किया गया है। नानोता चीनी मिल की डिस्टलरी चलाई जाएगी। बिडवी चीनी मिल को भी चलाने की योजना। समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में पांच वर्ष से गन्ना का भुगतान बकाया था। हमने 73 हजार करोड़ रुपये का बकाया भुगतान किया। सहारनपुर में एयरपोर्ट होने से दिल्ली की दूरी घटेगी। यहां एयरपोर्ट बनाने पर सरकार तेजी से काम कर रही है।