Loading...
अभी-अभी:

फिल्म गैसलाइट का ट्रेलर रिलीज, मर्डर मिस्ट्री लेकर आई सारा-विक्रांत और चित्रांगदा की तिकड़ी

image

Mar 16, 2023

सारा अली खान दर्शकों के बीच खुद को साबित कर चुकी हैं। वह फिल्म दर फिल्म अपने अभिनय में सुधार ला रही हैं। पिछली फिल्म अतरंगी रे में उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई थी। सारा की आने वाली फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। उनकी फिल्म गैसलाइट भी काफी समय से चर्चा में है। यह वही फिल्म है, जिसमें उनके साथ अभिनेता विक्रांत मैसी नजर आने वाले हैं।

अब फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है। फिल्म में सारा ने मीशा नाम की एक दिव्यांग लड़की का किरदार निभाया है, जो अपने पुश्तैनी घर लौटी है और अपने पिता के अचानक गायब होने से हैरान परेशान है। वह व्हीलचेयर पर बैठकर अपने पिता की मौत का पता लगा रही है। चित्रांगदा ने मीशा की सौतेली मां रुक्मिणी का किरदार निभाया है।

हत्या के पीछे उन्हीं की साजिश लग रही है। विक्रांत उर्फ कपिल मीशा के साथ उसके पिता की हत्या की गुत्थी सुलझाते दिख रहे हैं। सारा ने कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया पर फिल्म गैसलाइट की रिलीज डेट का ऐलान किया था। यह एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन पवन कृपलानी ने किया है।

ऐसा पहली बार होगा, जब सारा पर्दे विक्रांत और चित्रांगदा के साथ नजर आएंगी। कुछ दिनों पहले सारा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें लोगों ने सारा, विक्रांत और चित्रांगदा की तिकड़ी की खूब तारीफ की थी। बीते दिन फिल्म से कलाकारों की पहली झलक सामने आई। सारा ने भी फिल्म का फर्स्ट लुक प्रशंसकों के साथ साझा किया।

इसके साथ उन्होंने लिखा, मर्डर एक, शक कई, शून्य भरोसा ट्रेलर कल यानी 14 मार्च को आएगा। इस फिल्म में राहुल देव और अक्षय ओबेरॉय भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। सारा और विक्रांत फिल्म में होश उड़ा देने वाले किरदार निभाते दिखेंगे। फिल्म 31 मार्च को डिज्नी हॉटस्टार पर रिलीज होगी।

सारा की पिछली फिल्म अतरंगी रे भी 2021 में सीधे हॉटस्टार पर आई थी और फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों से काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। गैसलाइट सारा की दूसरी फिल्म है, जो फिर से हॉटस्टार पर स्ट्रीम होने जा रही है। सारा जल्द ही फिल्म ऐ वतन मेरे वतन में नजर आएंगी। वह फिल्म मर्डर मुबारक में काम कर रही हैं। निर्देशक जगन शक्ति की एक फिल्म भी उनके खाते से जुड़ी है, वहीं फिल्म मेट्रो इन दिनों और लक्ष्मण उतेकर की अगली फिल्म में भी सारा अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी।