Loading...
अभी-अभी:

भारतीय हॉकी टीम ने आस्ट्रेलिया को हराया

image

Mar 16, 2023

भारतीय हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग के दूसरे चरण के मैच में बुधवार को पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज कर तीन दिन को भीतर दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी है। नियमित समय के दौरान दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर थी। अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने शूट आउट में शानदार प्रदर्शन किया जिसे भारत ने 4-3 से अपने नाम किया।

बिरसा मुंडा स्टेडियम में लगातार चौथी जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। भारत के लिए विवेक सागर प्रसाद (दूसरे मिनट) और सुखजीत सिंह (47वें) ने निर्धारित समय में गोल किए, जबकि - ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एफाम्स (37वें और 52वें मिनट) ने दोनों गोल दागे।

शूटआउट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत और दिलप्रीत सिंह ने गोल किए जिससे भारत ने अपने घरेलू अभियान का शानदार तरीके से अंत किया। भारत ने विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-2 और 6-3 से हराया था, जबकि रविवार को पहले चरण के मैच में चौथे नंबर के ऑस्ट्रेलिया को 5-4 से मात दी थी।

भारत ने शानदार शुरुआत की और दूसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। कप्तान हरमनप्रीत की शक्तिशाली ड्रैग फ्लिक को ऑस्ट्रेलिया के कीपर जोहान डस्ट ने पैड से दूर कर दिया। लेकिन रिबाउंड पर विवेक सागर प्रसाद ने शानदार तरीके से गोल कर दिया। विवेक भारत के लिए अपना 100वां मैच खेल रहे थे।

गोल रहित दूसरे क्वार्टर के बाद, ऑस्ट्रेलिया ने आखिरकार 37वें मिनट में एक सफलता हासिल की जब नाथन एफाम्स ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला। मैच के 47वें मिनट में सुखजीत ने मैदानी गोल कर भारत को फिर से बढ़त दिला दी। भारतीय डिफेंडर द्वारा 52वें मिनट में फाउल ने ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी कार्नर दिया, जिसे चतुराई से गोल में बदला। स्कोर 2-2 से बराबर होने पर शूटआउट में गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने साबित किया कि उन्हें सर्वश्रेष्ठ में क्यों गिना जाता है।