Loading...
अभी-अभी:

नगर पालिका पसान के लिए मतदान जारी, 53 प्रत्याशी मैदान में

image

Jan 20, 2017

अनूपपुर। जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका पसान के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सुबह 9:30 बजे तक 27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां अध्यक्ष पद के लिए 3 उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला है, तो वहीं 14 पार्षद पद के लिए 53 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अमरकंटक नगर परिषद का चुनाव जीतने के बाद सत्ताधारी भाजपा के लिए यह चुनाव नाक का सवाल है। नगर पालिका क्षेत्र के 19724 मतदाता 22 मतदान केंद्रो पर मतदान करेंगे।

इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 10598 और महिला मतदाताओं की संख्या 9126 है। पसान नगरपालिका अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है। इस पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा की सपना शिवहरे, कांग्रेस की सरोज लोधी और कांग्रेस की बागी प्रत्याशी सुमन गुप्ता के बीच कांटे की टक्कर है।

14 पार्षद पदों के लिए कुल 53 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। वार्ड नंबर 9 और 16 में निर्विरोध पार्षद चुना जा चुका है। वैध जाति प्रमाण पत्र और शौचालय नहीं होने के कारण वार्ड नम्बर 10 और 15 के सभी प्रत्याशियों का नामांकन निरस्त हो गया था। लिहाजा इन वार्डों में कोई प्रत्याशी नहीं है। आज 14 वॉर्ड पार्षदों के लिए मतदान हो रहा है। मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।