Loading...
अभी-अभी:

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने निगम-मंडल में पदस्थ नेताओं का मांगा परफार्मेंस कार्ड

image

Sep 4, 2017

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में तीन बार भाजपा ने अपना परचम लहराया है, लेकिन इस बार भाजपा खुद अपने ही लोगों से असंतुष्ट नजर आ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए भाजपा हाईकमान ने नए सिरे से कवायदें तेज कर दी है। संगठन ने 65 सीटों के लक्ष्य को लेकर निचले स्तर पर काम करना शुरू कर दिया है। अपनों पर खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह नजर रखे हुए हैं। निगम-मंडल में पदस्थ नेताओं का परफार्मेंस कार्ड उन्होंने तलब किया है। साथ ही गोपनीय रिपोर्ट भी तैयार करवाई जा रही है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन ने पिछले दिनों रायपुर में हुई बैठक में सभी निगम-मंडल के पदाधिकारियों को अपनी उपलब्धियों और कामकाज की रिपोर्ट प्रदेश संगठन को सौंपने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही प्रदेश संगठन को शाह की ओर से रिपोर्ट कार्ड का एक फार्मेट सौंपा गया है। इसमें भाजपा नेताओं की नियुक्ति का आधार, नियुक्ति के बाद प्रदर्शन, जिम्मेदारी पूरा करने की क्षमता और संगठन के लिए उपयोगिता के बारे में पूछा गया है। इस गोपनीय रिपोर्ट को तैयार करने का जिम्मा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और संगठन महामंत्री पवन साय को दिया गया है। इस पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का कहना है कि सभी पदाधिकारियों की रिपोर्ट तैयार होती है और समय-समय पर समीक्षा होती है। वहीं निगम-मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि उनके अच्छे कामों की रिपोर्ट मंगाई गई है।

पहली बार 150 से ज्यादा पद बांटे

भाजपा सरकार की तीसरी पारी में पहली बार 150 से ज्यादा नेताओं को निगम-मंडल और आयोग में जिम्मेदारी सौंपी गई है। गौसेवा आयोग में सदस्यों पर पैसा वसूलने के आरोप के बाद केंद्रीय संगठन ने सभी पदाधिकारियों की नियुक्ति की रिपोर्ट भी तलब की है। केंद्रीय संगठन उन नेताओं की भी पड़ताल करना चाहता है, जो जोड़-तोड़ करके निगम-मंडल में काबिज हैं और जिनके काम-काज से संगठन को नुकसान हो रहा है।