Loading...
अभी-अभी:

बलरामपुरः 02 अक्टूबर से होगा सुपोषण अभियान का शुभारंभ, पत्रकारों की भूमिका भी महत्वपूर्ण

image

Oct 1, 2019

सुनील पासवान - मुख्यंमत्री सुपोषण अभियान के संबंध में कलेक्टर संजीव कुमार झा ने प्रेसवार्ता कर विस्तृत जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि 02 अक्टूबर 2019 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वीं जन्म दिवस के अवसर पर राज्य शासन द्वारा प्रदेश भर में मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सम्पूर्ण प्रदेश को कुपोषण एवं एनीमिया से मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान कार्यक्रम न होकर एक जन आंदोलन और भागीदारी है। इसमें जन-जन के सहयोग के साथ-साथ पत्रकारों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सुपोषण अभियान के अन्तर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम रघुनाथनगर में आयोजित किया जाएगा।

पूरा परिवार सुपोषण के इस अभियान से लाभान्वित होगा

संजीव कुमार झा ने प्रेसवार्ता में पत्रकारों से कहा कि जिले में सुपोषण अभियान के अन्तर्गत पूरक पोषण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर चयनित अतिरिक्त पौष्टिक आहार सप्ताह में 03 दिन अण्डा एवं 02 दिन केला तथा गुड़ व मूंगफली का लड्डू दिया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 0 से 05 की उम्र के बच्चों एवं 15 से 49 वर्ष की एनीमिक महिलाओं का चिन्हांकन किया जा रहा है, ताकि उन्हें एनीमिया मुक्त किया जा सके। प्रशासन द्वारा किये जा रहे प्रयासों के साथ-साथ व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सुपोषण के लिए इस अभियान के माध्यम से जनता में जागरूकता आये एवं न केवल बच्चे सुपोषित हों, बल्कि पूरा परिवार सुपोषण के इस अभियान से लाभान्वित होगा।

ग्रामसभा में सुपोषण अभियान के विषय पर चर्चा एवं संकल्प का किया जाएगा वाचन

कलेक्टर ने 02 अक्टूबर के कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस दिन जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को खीर, 643 ग्रामों में सुपोषण रैली का आयोजन साथ ही साथ अतिरिक्ति पौष्टिक पोषण आहार का वितरण 100 नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाएगा। 02 अक्टूबर को आयोजित ग्रामसभा में सुपोषण अभियान के विषय पर चर्चा एवं संकल्प का वाचन किया जाएगा। कलेक्टर ने कार्यक्रम की निगरानी संबंध में जानकरी देते हुए बताया कि पूरे जिले में निगरानी के लिए 100 कलस्टर बनाये गये हैं और प्रत्येक में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो कार्यक्रम की निगरानी करेगें।