Loading...
अभी-अभी:

छत्तीसगढ़ः प्रदेश भर में हर्षोल्लास से मनाया राष्ट्रीय पर्व

image

Jan 26, 2018

**रायपुर**। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ विधानसभा को आम लोगों के लिए खोल दिया गया। बड़ी संख्या में लोग लोकतंत्र के मंदिर को देखने उमड़ पड़े। विधानसभा परिसर के अंदर-बाहर मेले जैसा माहौल हो गया। इससे पहले विधानसभा के सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि जिस संकल्प भावना के साथ देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने आजादी का सपना संजोया था। उनके मेहनत और बलिदान से मिली आजादी के बाद भी उसी संकल्प भावना के साथ देश विकास के रास्ते पर चल रहा है। देश की आजादी के बाद आज का ही दिन था, जब देश के नागरिकों को उनका अधिकार मिला, दायित्वों के निर्वहन और कर्तव्यों की संरचना की गई. उन्होंने बताया कि आज के दिन विधानसभा को आम लोगों के लिए खोल दिया जाता है। आम लोग यहां आकर देखते और समझते हैं कि संसदीय लोकतंत्र का जिसे मंदिर कहा जाता है, वहां किस तरह से कार्यवाही की जाती है। **दुर्गः संविधान निर्माताओं को किया याद** दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया साथ ही गणतंत्र दिवस के गौरवशाली इतिहास व संविधान निर्माताओं को याद किया। इस दौरान जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी समेत जिलावासी भी मौजूद रहे व सभी ने देश की शान तिरंगे को सलामी दी । साथ ही विभिन्न स्कूलों से आये स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।साथ ही विभिन्न विभागों ने भी मनोरम झाकिया प्रस्तुत की जिसने दर्शकों को आकर्षित किया। जिले के उच्च शिक्षा मंत्री मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने मुख्यमंत्री द्वारा राज्य को दी गयी योजनाओं का उद्घोष किया जिसके बाद जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व् शहीदों के परिजनों का शाल व श्री फल देकर सम्मान किया। **रायगढ़ः पूरे उत्साह के साथ मनाया पर्व...** शुक्रवार को रायगढ़ जिले में गणतंत्र दिवस का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के मिनी स्टेडियम ग्राउंड में प्रमुख समारोह का आयोजन किया गया । इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी भी ली। केंद्रीय राज्य मंत्री ने इस दौरान मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया। उन्होंने शांति के प्रतीक श्वेत कपोत व रंगबिरंगे गुब्बाऱे नील गगन में मुक्त कर प्रदेश वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी दी। इसके तुरंत बाद पुलिस के जवान एनसीसी स्काउट्स व गाइड्स के कैडेट्स मार्चपास्ट किया। और फिर दो हजार से भी अधिक बच्चों ने एक साथ नृत्य पेश किया। समारोह में स्कूली बच्चों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये। साथ ही साथ अलग अलग स्कूलों व विभागों ने आकर्षक झाकियों की प्रस्तुति भी दी। इस दौरान मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उसके परिजनों का सम्मान भी किया। **महासमुन्दः 19 शहीद जवानों के परिजनों को किया सम्मानित** जिले में 69 वाँ गणतंत्र दिवस धूम- धाम से मनाया गया, शासकीय महाविद्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित गरिमामय समारोह में महिला बाल विकास विभाग की संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी ने ध्वजा रोहण किया। ध्वजारोहण के बाद महिला बाल विकास विभाग की संसदीय सचिव, जिलाधीश व एसपी के साथ परेड का निरीक्षण किया, तत्पश्चात संसदीय सचिव द्वारा मुख्यमंत्री का संदेश वाचन किया गया। अनेकता में एकता के प्रतीक के रूप में गुब्बारे एवं शांति का प्रतीक कपोत छोड़ा गया, जहाँ जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया, वहीं परेड द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के जय के नारे लगाये। उसके बाद सशस्त्र बल, जिला पुलिस, नगर सैनिक, सिनियर डिवीजन एन.सी.सी., जूनियर डिवीजन एन.सी.सी., स्काउट एवं गाइड द्वारा मार्चपाश्ट किया गया। उसके बाद मुख्य अतिथि ने जवानों का परिचय लेते हुए जिले के 19 शहीद जवानों के परिजनों को शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया । उसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा पी.टी. व कराटे का प्रदर्शन किया गया, तत्पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं का सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अगले पडाव में 15 विभागों द्वारा योजनाओं पर आधारित झाॅकी निकाली गई । उसके बाद कार्यक्रम का् समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर महासमुन्द के अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी -कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।