Oct 19, 2016
रायपुर। प्रदेश के झीरम घाटी मामले में सीबीआई जांच को लेकर पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता ने नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि सीबीआई मामले की जांच कर भी रही है या नहीं। अगर जांच की जा रही है तो किन-किन आधारों पर, इसकी जानकारी प्रदेश की जनता को होनी चाहिये। उन्होंने कहा कि मीडिया में आई खबरों के मुताबिक सीबीआई जांच को लेकर अब तक कुछ भी साफ नहीं हो पाया है। अगर जांच के लिए सीबीआई तैयार नहीं है तो इसके पीछे की वजह क्या है। वहीं धान के बोनस को लेकर भी भूपेश बघेल ने बीजेपी पर निशाना साधा है। भूपेश बघेल ने कहा कि धान के बोनस को लेकर सरकार ने अब तक कुछ नहीं किया है। ऐसे में प्रधानमंत्री को अपने कार्यक्रम के दौरान धान के बोनस का ऐलान करना चाहिये।
वहीं झीरम घाटी नक्सली हमले की जांच से सीबीआई ने यू टर्न ले लिया है। भिलाई ब्रांच को जांच के आदेश देने के बाद सीबीआई का दिल्ली मुख्यालय उस समय बैकफुट पर आ गया, जब भिलाई ब्रांच ने यह जानकारी दी कि घटना की जांच एनआईए कर चुकी है। लिहाजा जांच के बिंदु तय करने में गाइड लाइन दें। इसके बाद अब सीबीआई इसमें आगे काम नहीं करना चाह रही है। जानकारी के अनुसार सीबीआई इसकी जांच के बिंदु तय नहीं करेगी।
दरअसल, दरभा थाना क्षेत्र के झीरम घाटी में 25 मई 2013 को नक्सलियों ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हमला कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल समेत दिग्गज कांग्रेस नेताओं की हत्या कर दी थी।








