Loading...
अभी-अभी:

CAA को लेकर पूर्व सीएम रमन सिंह का बयान कहा, सरकार ने बरसों पुरानी तकलीफ को किया दूर..

image

Dec 21, 2019

आशीष तिवारी : सिटिजनशिप एमेंडमेंट एक्ट और एनआरसी को लेकर देश में मची सियासी रार के बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। स्वराज एक्सप्रेस से खास बातचीत में डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि राजनीतिक कारणों से इसे गलत दिशा में ले जाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सिटीजनशिप एमेंडमेंट एक्ट लोकसभा और राज्यसभा में बहुमत के साथ पास हुआ कानून है। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर हो गए है। अब किसी राज्य सरकार को ये हक नहीं जाता कि इसे लागू करने को लेकर कोई टिप्पणी करे।

सालों पुरानी तकलीफ को किया दूर..
उन्होंने कहा कि ये कानून बरसों पुरानी तकलीफ को दूर करने के लिए है। पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यक जो प्रताड़ित है, धार्मिक आधार पर जिनका शोषण हुआ उन्हें नागरिकता का अधिकार दिलाने वाला ये कानून है। इस कानून में बहुत ज्यादा संशोधन नहीं किया गया है। 11 साल की अवधि को घटाकर छह साल किया गया है। गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि ये नागरिकता देने वाला कानून है, छिनने वाला नहीं। डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि इससे भारत के अल्पसंख्यक वर्ग को जबरदस्ती कांग्रेस भयग्रस्त कर राजनीतिक उपयोग करना चाहती है। किसी की भी नागरिकता पर कोई असर नहीं होगा। इसका सभी जगह समर्थन होना चाहिए।इसका विरोध राजनीतिक रूप से स्पॉन्सर्ड है। एनआरसी को लेकर भी लोगों को गलतफहमी है। ये असम को लेकर आया है। 

लाखों की संख्या में लोग अवैध रूप से घुसे थे...
एनआरसी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 1971 में जब पाकिस्तान से अलग होकर बांग्लादेश का निर्माण किया गया, तब लाखों की संख्या में लोग अवैध रूप से घुस गए। धार्मिक, भौगोलिक हर आधार पर इसका असर हुआ। वहां बड़ा आंदोलन हुआ। इसके बाद उस समय के प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने समझौता किया। बाद में मनमोहन सिंह ने इसे आगे बढ़ाया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ही इसे लागू किया गया। शरणार्थी और घुसपैठी में फर्क लोगों को समझना चाहिए। घुसपैठियों को निकालने की प्रक्रिया है एनआरसी। इसमें कुछ गलत नहीं है। सब कुछ रिकॉर्ड में है जो बाहर से आये लोग हैं उन्हें बाहर जाना ही चाहिए। विरोध करने वाले इस बिल के प्रावधान को समझ ले। इससे पढ़ने के साथ ही गलतफहमी दूर हो जाएगी।