Loading...
अभी-अभी:

अमेरिका प्रवास से मुख्यमंत्री शिवराज 29 अक्टूबर को आएंगे स्वदेश

image

Oct 28, 2017

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक सप्ताह के अमेरिका प्रवास के बाद 29 अक्टूबर को स्वदेश आ रहे हैं। वे दोपहर बाद मुम्बई पहुंचेंगे और मुम्बई से शासकीय वायुयान से शाम पांच बजे तक भोपाल आयेंगे। मुख्यमंत्री की अमेरिका यात्रा से अप्रवासी भारतीयों का मध्यप्रदेश से रिश्ता मजबूत हुआ है। साथ ही कई उद्योग समूहों और कंपनियों ने मध्यप्रदेश की प्रगति की सराहना करते हुए यहां निवेश करने की इच्छा जताई है।

उल्लेखनीय है कि सीएम शिवराज को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म-शताब्दी के अवसर पर भारतीय दूतावास के सहयोग से फाउंडेशन फॉर इंडिया एण्ड इंडिया डायसपोरा स्ट्डीज यूएसए द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय फोरम का शुभारंभ सत्र को संबोधित करने के लिये विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। वे 22 अक्टूबर को वाशिंगटन डीसी अमेरिका पहुंचे थे।

इस दौरान चौहान ने मध्यप्रदेश में निवेश करने की इच्छुक कई कंपनियों से भी चर्चा की। यू.एस. इंडिया बिजनेस स्ट्रैटेजिक फोरम के सौजन्य से मध्यप्रदेश में निवेश में रूचि लेने वाली उद्योगपतियों और उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की और उन्हें प्रदेश आमंत्रित किया।

महिला सशक्तीकरण की सराहना

मध्यप्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने के किये गये प्रयासों को रेखांकित करते हुए चौहान ने कहा कि अब बेटियों को बोझ नहीं माना जाता। लोगों की मानसिकता बदली है। महिलाओं को अधिकार सम्पन्न बनाने में मध्यप्रदेश बहुत आगे निकल गया है। यूनाईटेड स्टेट कांग्रेस की पहली हिन्दू सदस्य तुलसी गबार्ड ने महिला सशक्तीकरण के नवाचारी प्रयासों के लिये मुख्यमंत्री चौहान की सराहना की।

4- 5 जनवरी को 'फ्रेंडस ऑफ एमपी' समिट

मुख्यमंत्री ने कांस्यूलेट जनरल आफ इंडिया न्यूयार्क में आयोजित 'फ्रेंडस ऑफ एमपी' सेमीनार में कहा कि प्रदेश में चार और पांच जनवरी 2018 को 'फ्रेंडस ऑफ एमपी' समिट का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने 'फ्रेंडस ऑफ एमपी' फोरम की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में योगदान देने के लिये न्यूयार्क और न्यू जेरेसी क्षेत्र में निवासरत अप्रवासी भारतीयों का अभिनंदन किया। इसके अलावा उन्होने प्रदेश के विकास को और गति देने के लिये विशेषज्ञों, न्यूयार्क होटल एसोसियेशन के मुख्यकार्यपालन अधिकारी विजय दण्डपानी, एमआईटी के प्रोफेसर गुरूमूर्ति कल्याणराम और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल से भी चर्चा की।