Loading...
अभी-अभी:

सांड ने छात्रा को मारी टक्कर, छात्रा गंभीर रूप से घायल

image

Sep 28, 2017

ग्वालियर : स्कूल जा रही 11 वर्षीय छात्रा को पीछे से सांड ने सींग से उठाकर फेंक दिया। छात्रा करीब 10 फीट हवा में उछलकर जमीन पर गिरी। इसके बाद सांड ने फिर उस पर हमला करने के लिए सींग में फंसा लिया, लेकिन इससे पहले सांड छात्रा को फेंक पाता उससे पहले ही स्थानीय लोगों ने शोर मचाया।

जिस पर सांड छात्रा को छोड़कर भाग गया। छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई हैं। जिसे पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से मुरार जिला अस्पताल में भर्ती कराया हैं। छात्रा की पसलियों, पैर, कमर व हाथ में चोट आई हैं।

ग्वालियर शहर के गोवर्धन कॉलोनी में रहने वाले कमलेश सिंह कुशवाह एक निजी कंपनी में काम करते हैं। वे सुबह वह जॉगिंग के लिए निकले थे। उनकी बेटी 11 वर्षीय अंजली कुशवाह 5वीं की छात्रा हैं।

वह घर से कुछ ही दूरी पर हनुमान कॉलोनी में शासकीय माध्यमिक विद्यालय में पढ़ती हैं। अंजली बैग टांगकर स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन जैसे ही छात्रा गोवर्धन कॉलोनी के मोड़ पर पहुंची कि पीछे से तेजी से आए सांड ने सींग पर मासूम को उठाया और हवा में उछाल दिया।

हवा में करीब 10 फीट उछलने के बाद छात्रा जमीन पर गिरी। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही सांड ने छात्रा को सींगों पर फिर उठा लिया। इसी समय लोगों ने शोर मचाया। एक युवक ने पास से ही पानी फेंका। जिस पर सांड बच्ची को छोड़कर भाग गया।

सूचना मिलते ही गोला का मंदिर पुलिस मौके पर पहुंची। जब तक पुलिस पहुंची परिजन भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल एम्बुलेंस को कॉल किया। इसके बाद घायल बच्ची को लेकर मुरार जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उसे भर्ती कराया। बच्ची बेहोश थी करीब आधा घंटे बाद उसे होश आया।

अंजली के पिता इस घटना के बाद काफी परेशान हैं। उनका कहना हैं कि पता नहीं उनकी बच्ची की जान बचेगी या नहीं। उन्होने कई बार नगर निगम को शिकायत की थी कि इलाके में सांड घूमते हैं। जिससे घटना हो सकती हैं, लेकिन उनकी किसी ने कोई सुनवाई नहीं की और आखिरकार घटना घट ही गई।

शहर की सड़कों पर खुलेआम घूमते सांड और गाय की टक्कर का यह पहला मामला नहीं हैं। इससे पहले भी एक दर्जन लोगों को सांड टक्कर मार चुके हैं। शिंदे की छावनी में रहने वाला गुप्ता परिवार तो अपनी होनहार बेटी को खो चुका हैं।

चार महीने पहले की घटना हैं, जब सुरभि गुप्ता कोचिंग से घर लौट रही थी और सांड ने उसे टक्कर मारी थी। जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया और उसने दम तोड़ दिया। इसी तरह लक्ष्मीबाई कॉलोनी में भी एक महिला व झांसी रोड में बुजुर्ग की सांड की टक्कर से मौत हो चुकी हैं।