Loading...
अभी-अभी:

600 बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहा फोरलेन हाइवे, प्रशासन उदासीन

image

Sep 12, 2018

विशोक व्यास : कस्बे से होकर गुजरा फोरलेन हाइवे स्थानीय हायर सेकेंडरी स्कूल में अध्ययनरत साढ़े 600 से अधिक स्कूली बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। जिसका एक उदाहरण मंगलवार को सामने आया है। क्षेत्र के ग्राम देहरदा सड़क निवासी कक्षा 9 का छात्र नरेश पुत्र देवेंद्र जाटव सुबह जब त्रिमासिक पेपर देने जा रहा था उसी दौरान हाइवे पार करते समय एक तेज रफ्तार स्कार्पियो वाहन ने उसे चपेट में ले लिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। बच्चे को तत्काल लुकवासा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। 

हाइवे पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दुर्घटना में बच्चे की जान बचना भगवान का चमत्कार ही कहा जा सकता है, वरना जो सीन हमने देखा उसमें जान बचना नामुमकिन लग रहा था। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि  यदि इस फोरलेन पर जल्द ओवर ब्रिज या अन्य वैकल्पिक रास्ता नहीं बनाया गया तो आने वाले समय में पता नहीं कितने बच्चे इसे फोरलेन का शिकार होंगे। जुलाई माह में ही एक हादसा हो चुका है जिसमें अपने नाती का एडमिशन कराने जा रहे नाना अपनी जान गवां चुके हैं। इसके बावजूद अब तक न तो हाइवे प्रबंधन जागा है और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारी।


सुबह और दोपहर 600 बच्चे पार करते हैं फोरलेन हाइवे
यहां जानना जरूरी होगा कि कोलारस तहसील की ग्राम पंचायत लुकवासा से होकर फोर लेन हाइवे निकला है। हाइवे के एक ओर गांव का रिहायशी इलाका है जबकि हाइवे के दूसरी ओर हायर सेकंडरी स्कूल है। जिसमे 600 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। जो प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर सुबह व दोपहर हाइवे पार कर इसलिये स्कूल जाते हैं क्योंकि इसके अलावा अन्य कोई विकल्प नही है। यह सभी बच्चे एक नही, दो नही बल्कि फोरलेन हाइवे के चार बेरिकेट्स को फलांग कर प्रतिदिन स्कूल पहुंचते हैं। जो बच्चे साइकिल से स्कूल जाते हैं उनके लिये स्कूल तक पहुंचना ज्यादा खतरनाक रहता है। 


यह बोले जिम्मेदार
फोरलेन हाइवे पर लोगों को निकलने के लिए रास्ता न बनाना पूर्णत: गलत है। इसके लिए हाइवे प्रबंधन को ओवर ब्रिज बनाना चाहिए था। जिस निर्माण कंपनी ने पूरा हाइवे का स्ट्रक्चर ही गलत बनाया है उसे सरकार के मंत्री पुरस्कृत कर रहे हैं। ऐसे में उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है। 
महेंद्र यादव, विधायक कोलारस

लुकवासा हाइवे पर ओवर ब्रिज को होना बेहद जरूरी है। क्योंकि यह लगातार स्कूली बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। इसके लिए मैं आज ही भूतल एवं सड़क परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर ब्रिज बनाने की मांग रखूंगा।
सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा