Loading...
अभी-अभी:

लोकसभा चुनाव 2019 : भिण्ड-दतिया लोकसभा सीट पर शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ मतदान

image

May 13, 2019

गिर्राज बौहरे : लोकसभा चुनावों के छठवें चरण में भिण्ड-दतिया लोकसभा सीट पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। तीन जगहों की छुटपुट घटनाओं को छोड़कर किसी भी जगह से कोई घटना सामने नहीं आई। पहली घटना आलमपुर थाना क्षेत्र के कुरथर गांव से सामने आई जहां पर मतदान केंद्र क्रमांक 237 के बाहर कुछ लोगों ने एक मतदाता के साथ मारपीट कर दी। 

ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड सिपाही के साथ मारपीट
बता दें कि इसके बाद दूसरी घटना मिहोना थाना क्षेत्र के जैतपुरा गुढ़ा गांव से सामने आई जहां पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश में कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड सिपाही के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया जिससे बूथ कैप्चरिंग की कोशिश नाकाम हो गयी। तीसरी घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल पोलिंग बूथ से सामने आई जहां पर बूथ के बाहर कोई असामाजिक तत्व फायरिंग कर फरार हो गया। हालांकि मतदान पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। 

हिंसा को रोकने का अलग तरीका अपनाया 
इसके साथ ही पूरे देश में लोकसभा चुनावों से हटकर भिण्ड जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा हिंसा को रोकने का अलग ही तरीका अपनाया गया। यहां पर भाजपा, कांग्रेस और बसपा जैसी प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवारों को पुलिस अभिरक्षा में सर्किट हाउस में नजरबंद कर दिया गया है। प्रत्याशियों के साथ ही विधायकों और पूर्व विधायकों को भी उनके घरों में ही कैद कर दिया गया। अटेर से वर्तमान भाजपा विधायक अरविंद सिंह भदौरिया को उनके घर में नजरबंद किया गया, जबकि गोहद विधायक रणवीर सिंह को सर्किट हाउस में बिठाया गया। अटेर से पूर्व विधायक हेमंत कटारे को उनके घर मे ही नजरबंद रखा गया, इसके साथ ही कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष पिंकी सिंह भदौरिया एवं भाजपा के कार्यकर्ता रक्षपाल सिंह कुशवाह को पोलिंग बूथों से लाकर सर्किट हाउस में बिठाया गया। 

प्रत्याशियों और नेताओं को किया नजरबंद
इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी देवाशीष जरारिया एवं कांग्रेस के गोहद विधायक रणवीर सिंह जाटव की बाहर निकलने को लेकर पुलिसकर्मियों से तीखी बहस भी हुई। दोनों ही लोग काफी समय तक सर्किट हाउस में बैठने के बाद सर्किट हाउस से बाहर निकलकर निजी घर में जाने का बोल रहे थे। देवाशीष जरारिया ने पुलिसकर्मियों से कहा ऐसा लग रहा है जैसे हमें यहां अरेस्ट करके रखा गया है क्या। वहीं गोहद विधायक रणवीर जाटव ने पुलिसकर्मियों से कहा क्या हम अपराधी हैं या आतंकवादी। खबर लिखे जाने तक इस लोकसभा क्षेत्र का कुल वोट प्रतिशत 51 प्रतिशत रहा। वहीं कलेक्टर और एसपी ने पहले से बनाई गई रणनीति को शांतिपूर्ण मतदान का कारण बताया। साथ ही प्रत्याशियों और नेताओं को नजरबंद करने में उनके सहयोग को भी सराहा।