Loading...
अभी-अभी:

सिलेंडर फटने से झुलसे 4 साल के मासूम ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

image

Mar 12, 2018

ग्वालियर। सिलेंडर फटने से आग में झुलसे चार लोगों में से आज एक चार साल के मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। वहीं आग में झुलसे तीन लोगों को इलाज के लिए दिल्ली रैफर किया है। परिजनों का आरोप है, कि यहां डॉक्टरों की लापरवाही के चलते बच्चे की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कल हुआ था हादसा...

दरसअल रविवार की सुबह हुरावली स्थित एक मकान के कमरे में राजकुमार खाना बना रहा था। उसी कमरे में दो छोटे बच्चे रोहित व अमन खेल रहे थे, और दादी मीरा देवी भी उसी कमरे में बैठी हुई थी। जिसके बाद अचानक से सिलेंडर फट गया। अचानक से सिलेंडर फट जाने से कमरे में आग लग गई। वहीं इस आग की चपेट में चार लोग रोहित,अमन,व बच्चों के चाचा राजकुमार और बच्चों की दादी मीरा देवी आ गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में चारों की हालत नाजुक बताई जा रही थी। लेकिन आज चार साल के अमन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पांच साल के रोहित सहित चाचा राजकुमार व दादी को उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली के लिए रैफर कर दिया है।

परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप...

परिजनों का कहना है, कि जब ये चारों सिलेंडर फटने से आग में झुलस गए थे, तब उनको मुरार के सिविल अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन वहां उपचार न मिलने से उन चारों को जयरोग्य अस्पताल ले गए। लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने सही तरीके से बच्चों का इलाज नहीं किया। जिसके चलते आज अमन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ये डॉक्टरों की सबसे बड़ी लापरवाही है और उनके खिलाफ कारवाई की जाना चाहिए। अगर समय रहते डॉक्टर सही तरीके से बच्चे का इलाज करते तो शायद अमन की जान बच सकती थी। वहीं परिजनों ने अमन की मौत की सूचना सिरोल थाना पुलिस को दी। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंची और बच्चे के शव को पीएम के लिए रवाना कर जांच शुरू कर दी है।