Loading...
अभी-अभी:

जिला अस्पताल विक्टोरिया को मिला सबसे बेहतर अस्पताल का अवार्ड कायाकल्प

image

Mar 7, 2019

अरविन्द दुबे- जबलपुर के जिला अस्पताल विक्टोरिया को प्रदेश में सबसे बेहतर अस्पताल का अवार्ड कायाकल्प मिला है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने इस पुरुस्कार की घोषणा की। प्रदेश सरकार के द्वारा यह अवार्ड उस अस्पताल को दिया जाता है, जो कि बेहतर अस्पताल प्रबंधन, सफाई और मरीजों की बेहतर सेवा में सबसे ज्यादा अंक हासिल करता है। इस बार जबलपुर के शासकीय जिला अस्पताल विक्टोरिया ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के सभी शासकीय अस्पतालों को पछाड़ते हुए, कायाकल्प अवार्ड हासिल किया है।

कलेक्टर छवि भारद्वाज ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए व्यक्तिगत रूप से किये प्रयास

आम तौर पर जबलपुर का जिला अस्पताल अपनी बदहाली के लिए बदनाम रहा है, लेकिन जबलपुर कलेक्टर छवि भारद्वाज ने इस अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रयास किये। अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को स्वयं संचालित किया और प्रतिदिन अस्पताल का दौरा किया। जिससे जिला अस्पताल में काम करने वाले चिकित्सक, नर्से, स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को जवाबदारी के साथ काम करना पडा। इसका नतीजा यह रहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को पर्याप्त इलाज मिला। वहीं प्रदेश में सबसे बेहतर अस्पताल का खिताब कायाकल्प भी प्राप्त हुआ। इधर जबलपुर के शासकीय महिला अस्पताल एल्गिन को भी मरीजों का बेहतर इलाज और रखरखाव के लिए दूसरी बार कंटीन्यूड एक्सीलेंस अवार्ड का तमगा बरकरार रखा गया है। एल्गिन अस्पताल को यह अवार्ड दूसरी बार मिला है। कलेक्टर छवि भारद्वाज ने प्रदेश के दो प्रमुख अवार्ड जबलपुर के शासकीय अस्पतालों को मिलने पर खुशी जताई है और इसका श्रेय अस्पताल के स्टाफ को दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों अस्पतालों में इस तरह की व्यवस्था निरंतर बनी रहनी चाहिए, जिससे मरीजों को कभी भी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशानी न उठाना पड़े।