Loading...
अभी-अभी:

ग्वालियरः कैबिनेट मंत्री ने छुये महिला सफाई कर्मचारी के सार्वजनिक तौर पर पैर

image

Nov 18, 2019

धर्मेन्द्र शर्मा - ग्वालियर में निगम की महिला सफाई कर्मचारियों का सम्मान समारोह बाल भवन में रखा गया था। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने महिला सफाई कर्मचारी का सम्मान करते हुए मंच पर अचानक जमीन पर घुटनों के बल बैठकर उसके पैर छूने लगे। जैसे ही यह नजारा सम्मान कार्यक्रम में मौजूद निगम के अधिकारी, कर्मचारी और लोगों ने देखा ने वह सब अचंभित रह गए क्योंकि आज तक उन्होंने किसी मंत्री का इस तरह का रूप नहीं देखा था। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अपने अलग ही अंदाज के लिए जाने जाते हैं, चाहे वह नाले में उतर कर सफाई करने का मामला हो या फिर आधी रात को लोगों के घरों में पानी आने की जानकारी लेने की बात हो। हरदम मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर चर्चा में बने रहते हैं। एक बार फिर से मंत्री जी महिला सफाई कर्मचारी के सार्वजनिक तौर पर पैर छूने के कारण सुर्खियों में आ गए हैं और शहर भर में उनका यह सम्मान समारोह चर्चा का विषय बन गया है।

महिला सफाई कर्मचारियों ने की परमानेंट करने की मांग

वहीं इन सबके बावजूद दूसरी ओर कुछ महिला कर्मचारियों ने कार्यक्रम का ही बहिष्कार कर दिया। नाराज महिला सफाई कर्मचारियों का कहना था कि दीपावली पर उन्हें तनख्वाह नहीं मिली और घर में बच्चों ने भूखे पेट दिवाली मनाई थी। ऐसे में उन्हें दिया जा रहा यह सम्मान किस काम का है। मंत्री जी की ओर से नालों में कुछ दिन उतर कर सफाई करने और सम्मान समारोह में शॉल देने से उनका कोई असली सम्मान नहीं है। वे अगर हमें असली सम्मान देना चाहते हैं तो उन्हें परमानेंट किया जाए और उन्हें समय पर वेतन मिले।

महिला सफाई कर्मचारियों की रुकी हुई तनख्वाह जारी करने का आश्वासन

सम्मान समारोह में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर के अलावा ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस विधायक मुन्ना लाल गोयल और निगम कमिश्नर भी मौजूद थे। हालांकि कैबिनेट मंत्री ने सफाई कर्मचारियों की तारीफ करते हुए कहा कि ये लोग प्रतिदिन अपने परिवार का त्याग कर सर्दी हो या गर्मी अपने फर्ज का पालन करते हुए सफाई करते हैं। इनका सम्मान सर्पोपरि है। वहीं जब कैबिनेट मंत्री को महिला सफाई कर्मचारियों की नाराजगी जानकारी हुई तो उन्होंने उनकी रुकी हुई तनख्वाह जारी करने का आश्वासन दिया। साथ ही आगे से कोई समस्या ना आये उसको लेकर निर्देश दिये। वहीं कांग्रेस विधायक मुन्नालाल गोयल ने भी कर्मचारियों की पैरवी करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन उनके साथ है।