Loading...
अभी-अभी:

इंदौरः कांग्रेस पार्टी व्यापारियों को साधने पहुंची छावनी अनाज मंडी, किसानों को भी दिया आश्वासन

image

May 3, 2019

विकास सिंह सोलंकी- इंदौर लोकसभा सीट जितने के लिए कांग्रेस पार्टी व्यापारियों को साधने में जुटी हुई है। कल प्रदेश के दो मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और तुलसी सिलावट ने छावनी अनाज मंडी पहुंचकर व्यापारियों की समस्याओं को जाना और समझा। जल्द ही आचार संहिता हटने के बाद उन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान दोनों ही मंत्री छावनी अनाज मंडी में किसानों से भी मिले और उनसे भी चर्चा की।

आचार संहिता के बाद करायेंगे समस्याओं का समाधान

सज्जन सिंह वर्मा और तुलसी सिलावट ने व्यापारियों से कहा कि पिछले पंद्रह वर्षो में भाजपा ने व्यापारियों के साथ छल किया है। उन्हें डराने की कोशिश की है, भाजपा वालों ने व्यापारियों से चंदा भी लिया और उन्हें परेशान भी किया है, लेकिन पंद्रह वर्षो में जो काम व्यापारियों का नहीं हुआ, वह काम कांग्रेस पार्टी की सरकार करेगी। आचार संहिता के बाद कृषि मंत्री सचिन यादव को भी आपके बीच लेकर आएंगे और आपकी समस्याओं का समाधान कराएंगे। प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने कहा कि अन्नदाता राष्ट्र की बुनियाद है, और उन्हें भी उनकी उपज का उचित दाम मिलना चाहिए। मंत्रियों ने व्यापारियों से किसानों को उनकी उपज का नगद भुगतान करने की अपील भी की।

इंदौर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी पंकज संघवी को जिताने की अपील

इस मौके पर सज्जन सिंह वर्मा और तुलसी सिलावट ने इंदौर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी पंकज संघवी को भी जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पंकज संघवी नहीं बल्कि व्यापारियों का चुनाव है। आपके बीच में रहने वाले व्यक्ति को आपको संसद भेजना है। पत्रकारों से चर्चा करते हुए सज्जन सिंह वर्मा और तुलसी सिलावट ने कहा कि पिछले पंद्रह सालों में व्यापारियों का शोषण हुआ है और उन्होंने भी यह माना है। व्यापारी अब पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी के साथ हैं। वर्मा ने कहा कि व्यापारियों ने मंडी शिफ्ट करने और मंडी शुल्क में कटौती करने जैसी मांगे रखी हैं। आचार संहिता हटने के बाद उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा प्रदेश सरकार उन्हें सभी सुविधाएँ देने के लिए तैयार है।

वर्मा ने बड़ी ही साफगोई से माना कि कांग्रेस पार्टी को व्यापारियों से शायद उतना सहयोग नही मिला है लेकिन अब बदलाव की उम्मीद है। वहीं किसानों पर सज्जन सिंह वर्मा और तुलसी सिलावट ने कहा कि वे यहां किसानों से भी मिले और प्रदेश के किसान सन्तुष्ट हैं और उनका कर्ज माफ हुआ तथा किसानों को उपज का सही दाम मिल रहा है।