Loading...
अभी-अभी:

बदनावर में अंतिम शंकर सवारी में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब...

image

Aug 26, 2019

मनोज सोलंकी : महाकाल मंडल के तत्वावधान में भगवान शंकर की अंतिम सवारी नयनाभिराम झांकियों व अखाड़ों के साथ धूमधाम से निकाली गई। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने अलसुबह तक झांकियां निहारी व कलाकारों की कला को दाद दी। अखाड़ों में भी युवकों ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाए। रिमझिम फुहारों के बीच दर्शनार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। हालांकि बारिश के कारण ग्रामीण अंचल से लोगों की उपस्थिति कम रही।

रिमझिम फुहारों के बीच अलसुबह तक निहारी नयनाभिराम झांकियां
बस स्टैंड पर विभिन्न झांकियों के आने का सिलसिला शाम 7 बजे से शुरु हो गया था। रात 8 बजे क्रमानुसार 8 झांकियों का कारवां नगर भ्रमण के लिए निकला। इससे पूर्व सुसज्जित रथ में विराजित भगवान शंकर की प्रतिमा को बैजनाथ महादेव मंदिर तक लाया गया। नगर में बनाए गए विभिन्न मंडलों एवं संस्थाओं के स्वागत मंचों से झांकी कलाकारों व अखाड़ों के उस्तादों का स्वागत किया गया। बस स्टैंड से दुर्गा चौक तक सवारी मार्ग पर हजारों दर्शकों ने झांकियों एवं अखाड़ों के पहलवानों के दांव-पेंच को निहारा। सभी झांकियां नगर भ्रमण के बाद अलसुबह पिपलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। जहां आरती के बाद समापन हुआ। बैजनाथ भक्त मंडल द्वारा सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं को निशुल्क पोहे बांटे गए।

इन झांकियों ने मोहा मन, टकटकी लगाए देखते रहे दर्शक

  • महाकाल मंडल की दोनों झांकियां कृष्णलीला व भोलेनाथ के नटराज नृत्य पर आधारित थी, जिसे काफी सराहा गया। 
  • भोलेनाथ की पूर्ण चलित झांकी आकर्षण का केंद्र रही। दुर्गा मित्र मंडल की झांकी में भगवान शंकर के श्मशान में होली खेलने के दृश्य को सजीवता से प्रस्तुत किया गया। इसकी भव्यता की लोगों ने खूब तारीफ की। 
  • पंढरीनाथ भक्त मंडल द्वारा झांकी में जनकल्याण के लिए मां दुर्गा के आव्हान का मनोहरी रुप श्रद्धालुओं को खूब भाया। 
  • बाबा अमरनाथ भक्त मंडल की तिरुपित बालाजी के दर्शन पर आधारित झांकी ने सबका मन मोह लिया।
  • सरस्वती मित्र मंडल की झांकी में नृसिंह भगवान द्वारा हिरण्य कश्यप के वध को दर्शाया गया। जिसे श्रद्धालुओं ने पसंद किया। 
  • नवयुवक मंडल ने भगवानश्री कृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाते हुए पर्यावरण का संदेश दिया। 
  • गणेशा टैलेंट ग्रुप सदस्यों द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई। रेशम की फर से निर्मित बाबा अमरनाथ के शिवलिंग की मनमोहक झांकी निकाली। 
  • बैजनाथ भक्त मंडल द्वारा सवारी मार्ग पर करीब 14 क्विंटल गरमा गरम पोहे वितरित किए गए।