Loading...
अभी-अभी:

इंदौरः मंत्री तुलसी सिलावट के साथ मिलावटखोरों के खिलाफ सड़क पर मोर्चा सम्भाल रहे अब इंदौरवासी

image

Aug 24, 2019

दीपिका अग्रवाल- मिलावट के खिलाफ सिलावट ये नारा अब तक प्रदेश में उन मिलावटखोरों को परेशान कर रहा है जो अपने फायदे के लिए लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। अब मंत्री तुलसी सिलावट के साथ इंदौर के लोग भी इस अभियान से जुड़ गये हैं और अपनी भागीदारी जताने के लिए सड़क पर मोर्चा भी सम्भाल रहे हैं। इंदौर में आज नेहरू प्रतिमा से गांधी प्रतिमा तक पैदल पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्ध व गणमान्य नागरिक शामिल हुए। स्वच्छता के बाद शहर को स्वास्थ्य में नंबर वन बनाने का संकल्प लिया।

प्रशासन की सख्ती से मिलावटखोरों में मचा हड़कम्प

दरअसल मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर सभी जिलों में खान-पान से जुड़ी वस्तुओं में मिलावट करने वालों के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है। जिला प्रशासन, नगर निगम और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम नियमित जांच कर सेम्पल लेने की कार्रवाई कर रही है। सख्ती से मिलावटखोरों में हड़कम्प मचा हुआ है। इस बीच आज स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट शहर के नागरिकों के साथ मिलावटखोरों के खिलाफ सड़क पर नजर आए। नेहरू प्रतिमा पर सुबह से सरकारी महकमा, स्कूल व कॉलेज के छात्र, डॉक्टर, वकील, शिक्षाविद, सामाजिक संगठन के साथ साधु-संत भी इकठ्ठा हुए। वहीं पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे शिक्षाविदों और खिलाड़ियों ने प्रदेश सरकार की इस पहल पर ना सिर्फ सरकार को धन्यवाद प्रेषित किया, बल्कि आश्वासन

जताया कि सरकार की इस कवायद से आम लोगों को मिलावट से मुक्ति मिलेगी। शुद्ध के लिए जो युद्ध छेड़ा गया है, उसकी गूंज पुरे देश में बदलाव लाएगी।

मिलावटखोरों की शिकायत सीधे मंत्री से करने की जनता से अपील

मीडिया से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि मिलावट खोरों के खिलाफ रासुका और जिलाबदर की कारवाई के बाद उत्तरप्रदेश की तर्ज पर आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान भी किया जायेगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे जहां भी मिलावट देखें उसकी शिकायत सीधे मंत्री से करें। जागरुकता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया। यात्रा के समापन पर सिलावट ने सभी को मिलावट खत्म करने का संकल्प दिलाया।