Sep 24, 2019
मध्यप्रदेश के सतना से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सतना में अदालत परिसर से सोमवार को 35 वर्षीय एक न्यायाधीश एकाएक लापता हो गए। जज की पत्नी कृष्णा सिंह ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी और उनकी गुमशुदगी की एफआईआर भी दर्ज कराई। सिविल लाइन थाने की इंस्पेक्टर अर्चना द्विवेदी ने बताया कि कृष्णा सिंह उम्र 34 ने सतना न्यायालय में पदस्थ अपने न्यायाधीश पति आरपी सिंह उम्र 35 के सोमवार को सतना के न्यायालय परिसर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस जुटी तलाश में
अर्चना ने बताया कि वह सतना न्यायालय में अष्टम व्यवहार न्यायाधीश के पद पर पदस्थ हैं और सतना के सिविल लाइन थाना इलाके में शासकीय आवास में रहते हैं। शिकायत के अनुसार लापता न्यायाधीश आरपी सिंह की करीब दो माह से तबीयत ठीक नहीं है। 23 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे न्यायालय परिसर सतना से उनका कोई पता नहीं चल रहा है। अर्चना ने बताया कि पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।