Loading...
अभी-अभी:

प्रगति और विकास पथ पर प्रदेश और देश लगातार उन्नति करें : सीएम

image

Sep 4, 2018

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान श्रीकृष्ण से कृपा की वर्षा करने की प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रगति और विकास पथ पर प्रदेश और देश लगातार उन्नति करें। चौहान ने सोमवार रात मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम में यह बात कही। सर्वधर्म समभाव की परंपरा को आगे बढाते हुए मुख्यमंत्री निवास में ये उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर चौहान की पत्नी साधना सिंह भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री चौहान ने भक्तगणों का आव्हान किया कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो जाएं।

उन्होंने सभी के सुखी और निरोगी रहने की भी कामना की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि भोपाल सेंट्रल जेल के कार्यक्रम में बंदियों के भक्ति रंग को देख, वे अत्यंत प्रभावित हुए। उन्हें कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिये आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में एक अच्छा इंसान जिंदा रहता है।

कई बार विपरीत परिस्थितियों वश जेल जाना पड़ता है। आपातकाल के दौरान उन्हें भी भोपाल जेल में रहना पड़ा था। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी कारागार में हुआ था। चौहान ने सभी धर्मों के विशिष्ट त्यौहारों और अवसरों पर मुख्यमंत्री निवास में उत्सवों के आयोजन की परंपरा स्थापित की है।

इसी श्रंखला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार पूरी पारंपरिक गरिमा एवं अनुष्ठान से मनाया गया। उत्सव में विधिवत कृष्ण जन्म, मटकी फोड़, पूजन-अर्चन आदि के कार्यक्रम भक्तिपूर्ण उल्लासमय गरिमा के साथ मनाये गये। इस अवसर पर सभी धर्मो के धर्मगुरूओं समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।