Loading...
अभी-अभी:

रहवासियों को राहतः राजधानी की 40 साल पुरानी भानपुर खंती पर ताला

image

Jan 24, 2018

**भोपाल।** आखिरकार, राजधानी भोपाल की 40 साल पुरानी भानपुर खंती को ताला लगा दिया गया है। खंती पर ताला लगाने से पहले बाकायदा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। **कचरे की डंपिंग से क्षेत्र की हवा में फैल रहा था जहरः महापौर** पूर्व मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक बाबूलाल गौर, राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और महापौर आलोक शर्मा की मौजूदगी में खंती में ताला लगाया गया। महापौर आलोक शर्मा का कहना है कि पिछले कई सालों से भानपुर खंती में लगातार हो रहे कचरे की डंपिंग से क्षेत्र की हवा में जहर फैल रहा था, जिससे यहां रहवासियों में बीमारियों का प्रकोप तो बढ़ ही रहा था, साथ ही साथ राजधानी भोपाल में सुंदरता में भी कमी आ रही थी। आज इस खंती को बंद कर दिया गया है, अब से यहां कचरा डंप नहीं होगा और जितना कचरा यहां है उससे निजी कंपनी द्वारा बिजली बनाई जाएगी। बिजली बनाकर बेचने से नगर निगम को फायदा होगा, और विकासकार्यों में गति आएगी, वहीं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने भी खंती को बंद करने की पहल को एक अच्छा कदम बताया। **भानपुर खंती थी लोगों के लिए परेशानी का कारण**... अयोध्या नगर से गांधी नगर की ओर जाने वाली फोरलेन पर वाहन चालकों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ता था, जब भानपुर खंती की शुरूआत होती है। पहले तो तेज दुर्गंध साथ ही यहां लगी रहने वाली आग राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। भानपुर खंती में कचरे में लगी आग का धुआं खंती शुरू होने से पहले और समाप्त होने के करीब एक किमी बाद तक फैला रहता है। जिससे लोग परेशान थे। यहां तक कि मुंह पर कपड़ा बांध कर चलने वालों का भी धुएं से दम घुटता था। लोगों को सांस लेने में परेशानी होती थी। भानपुर खंती में आग लगाए जाने से उठता धुआं न केवल राहगीरों को परेशान कर रहा है, बल्कि भानपुर बस्ती के लोग भी इस धुएं से परेशान हो चुके थे। लोगों का कहना था कि रोजाना भानपुर खंती में न जाने कैसे आग लग जाती थी। जिसका धुआं करीब दो किमी के दायरे में फैल रहा था। इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा था। गनीमत है कि अब इस खंती को बंद कर दिया गया है जिससे राहगीरों के साथ-साथ बस्ती वाले भी राहत की सांस लेंंगे।