Feb 22, 2017
भोपाल। मध्यप्रदेश में अपनी जमीन मजबूत करने और शिवराज सरकार के खिलाफ एकजुट होकर हमला बोलने के लिए बुधवार को भोपाल में जुटे कांग्रेस के बड़े नेताओं ने बड़ा प्रदर्शन किया। अंतर्कलह से जूझ रही कांग्रेस को संजीवनी देने के लिए 3 तीन साल बाद कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया समेत कई बड़े नेता एक मंच पर आए। हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेताओं ने शिवराज सरकार पर एक के बाद एक बड़े हमले किए। सिंधिया ने अवैध रेत खनन का मामला उठाते हुए शिवराज सरकार पर आरोप लगाया कि वो नर्मदा को खोखला कर रहे हैं। सिंधिया ने अपने भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार-बार मध्यप्रदेश आ रहे हैं, पर उन्हें कभी यहां हो रहे अवैध रेत खनन की जानकारी किसी ने नहीं दी और दी भी होगी तो उन्होंने कभी खुद इस मामले में कोई कदम नहीं उठाया। शिवराज सिंह चौहान नर्मदा सेवा यात्रा पर नहीं निकले हैं, बल्कि वे अगले चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं और सेवा यात्रा के बहाने सर्वे करा रहे हैं।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता शोभा ओझा ने अपने भाषण में कहा कि मध्यप्रदेश में आज महिलाएं सुरक्षित नहीं। यहां महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है। प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। यहां दिनदहाड़े लोगों को मार दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश अपराध के मामले में नंबर वन हो गया है। मैं आज कार्यकर्ताओं से आह्वान करती हूं कि सक एकजुट होकर शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकें। 2018 के लिए कांग्रेस एकजुट है। हम सब मिलकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे और 2018 में भाजपा सत्ता से बेदखल होगी। कांग्रेस में कोई नाथ गुट नहीं है।