Oct 21, 2016
ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नेता प्रतिपक्ष स्व.सत्यदेव कटारे की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र रख श्रद्धांजलि अर्पित की। मुंबई से विमान में स्व.कटारे की पार्थिव देह को ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा लाया गया। मुख्यमंत्री पहले से ही विमानतल पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री स्व.कटारे की पार्थिव देह को सम्मान पूर्वक सहारा देकर श्रद्धांजलि स्थल तक लाये। उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया, सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष बाला बच्चन व महापौर विवेक नारायण शेजवलकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्व. कटारे की पार्थिव देह पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। स्व.कटारे को श्रद्धांजलि अर्पित करने व उनकी पार्थिव देह के अंतिम दर्शन करने बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक विमानतल पर पहुँचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नेता प्रतिपक्ष स्व. सत्यदेव कटारे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज मन दुःख से भरा हुआ है। मेरे मित्र कटारे अचानक हमें छोड़कर चले गए। वे कर्मठ व जुझारू नेता थे। उन्होंने मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ी और संघर्षशीलता व परिश्रम से राजनीति में अपना स्थान बनाया। स्व.कटारे केवल भिण्ड के ही नहीं अपितु पूरे प्रदेश के नेता थे। मुख्यमंत्री ने भावुक होकर कहा कि मुझे उम्मीद थी कि लंबे समय तक उनका हमें साथ मिलेगा। मगर क्रूर काल ने उन्हें असमय हमसे छीन लिया। इस दौरान चौहान ने दुखित होकर यह शेर पढ़ा..
बड़े गौर से सुन रहा था जमाना,
तुम्ही सो गए दास्तां कहते कहते।.........








